शेरगढ़। लिंटर डालकर घर जा रहे ट्रैक्टर पर बैठे एक व्यक्ति की गिरकर कुचलने से मंगलवार को मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है।
ग्रामीणों के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव बैरमनगर निवासी 40 वर्षीय बाबू खां गांव के ही ठेकेदार ओमपाल के साथ मजदूरी पर लिंटर डालने का काम करते थे। वह मंगलवार को सुबह करीब सात बजे थाना क्षेत्र के गांव टांडा मानपुर में ओमपाल के साथ लिंटर डालने गए। कार्य समाप्ति के बाद वह अन्य मजदूरों के साथ गांव लौट रहे थे। बाबू खां ट्रैक्टर पर थे। इसी बीच दोपहर साढ़े बारह बजे के समय शेरगढ़ शाही-बहेड़ी मार्ग पर एक पेट्रोल पंप के नजदीक बाबू खां नीचे गिर गए। ट्रैक्टर के पीछे जुड़ी लिंटर डालने की मिक्सर मशीन के पहिये के नीचे आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर के मिक्सर मशीन को कब्जे में लिया है। शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है। संवाद
कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर
भमोरा। बच्चों को स्कूल छोड़ वापस जा रहे बाइक सवार को मंगलवार को कार ने टक्कर मार दी। थाना क्षेत्र के गांव खुली निवासी अंशु राठौर मंगलवार सुबह भमोरा स्कूल में अपने बच्चों को छोड़ने बाइक से आए थे। वापस जाते समय बरेली बदायूं रोड पर पुटी मोड़ के पास कार ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे अंशु गंभीर घायल हो गए। कार सवार कार लेकर चला गया। सूचना पर आई पुलिस ने घायल को सीएचसी भेजा। एसओ भमोरा सनी चौधरी ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
-
टेंपो की टक्कर लगने से महिला की मौत
फरीदपुर। बेटे के साथ बाइक पर बैठकर फरीदपुर आ रही महिला को सामने से आ रहे टेंपो की टक्कर लगने से मंगलवार को उसकी मौत हो गई। सूचना पर मौके पर आई पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है। भुता थाना क्षेत्र के कंजा चक्रपुर गांव निवासी अनीता (45) अपने बेटे अनुज के साथ बाइक से मंगलवार दोपहर फरीदपुर की बाजार में आ रही थी। इधर फरीदपुर से जा रहे टेंपो ने बाइक में सामने से टक्कर मार। टक्कर लगते ही अनीता बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गई और उनकी मौत हो गई। फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है। संवाद
घायल महिला की उपचार के दौरान मौत, रिपोर्ट
फतेहगंज पूर्वी। थाना क्षेत्र के गांव भगवानपुर कुन्दन निवासी अनिल ने बताया कि वह 17 तारीख को उनकी पत्नी सुनीता अपने भाई शिवकुमार के साथ मोटरसाइकिल से गांव आ रही थी। तभी नेशनल हाईवे पर रम्पुरा गांव के पास सड़क किनारे वह बाइक खड़ी करके शौच को चला गया था। सुनीता वहीं खड़ी थीं। तभी शाहजहांपुर की तरफ से आ रही एक बाइक के चालक ने लापरवाही से बाइक चलाते हुए सुनीता को टक्कर मार दी। इसमें सुनीता गंभीर घायल हो गई। पुलिस ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहा इलाज के दौरान सुनीता की 19 तारीख को मौत हो गई। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर बाइक चालक की तलाश की जा रही है। संवाद