बरेली में मिनी बाईपास पर एक दुकान से बेची जा रही शराब।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
मिनी बाईपास पर अंग्रेजी शराब की दुकान खोलते हुए एक व्यक्ति का वीडियो वायरल
बरेली। लॉकडाउन के चलते शहर में अधिकतर व्यवस्थाएं ठप पड़ी हैं। इनमें शराब की दुकानें भी शामिल हैं। लेकिन कारोबारी साठगांठ के चलते दुकानें खोलकर और क्षेत्र में भी अवैध तरीके से शराब बिकवा रहे हैं। रविवार को मलूकपुर में खुली एक दुकान का वीडियो वायरल होने के बाद अब शनिवार को मिली बाईपास स्थित एक अंग्रेजी शराब की दुकान का वीडियो वायरल हुआ है।
शहर में लॉकडाउन के चलते शराब कारोबार पर भी पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। लेकिन कारोबारी इसका उल्लंघन करते हुए धड़ल्ले से ब्लैक में दो-तीन गुना दामों में शराब बेच रहे हैं। रविवार सुबह मिनी बाईपास स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान खोल रहे एक व्यक्ति की किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वीडियो में बेखौफ व्यक्ति सुबह के समय दुकान खोलता नजर आ रहा है। इसके बाद दुकान से शराब भी निकाली गई। वहीं शनिवार को मलूकपुर में खुली एक अंग्रेजी शराब की दुकान का भी वीडियो वायरल हुआ था।
स्टॉक लेजाकर गली मोहल्लों में बेचते हैं लोग
मिनी बाईपास स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान से स्टॉक निकालकर आसपास के इलाकों में भी बेचा जाता है। सूत्रों के मुताबिक मठ लक्ष्मीपुर के दो युवक यहां से स्टॉक उठाते हैं। फिर उसे गली मोहल्लों में दो-तीन गुना दामों पर बेच देते हैं। करीब एक हफ्ता पहले कर्मचारी नगर चौकी पुलिस ने इनमें एक युवक को पकड़ लिया था। लेकिन साठगांठ के बाद बिना कार्रवाई के ही उसे छोड़ दिया गया।