बरेली। शहरवासियों को सेहतमंद बनाने के लिए 2.67 करोड़ रुपये खर्च करके विभिन्न पार्कों में बनाए गए 25 ओपन जिम खुद बीमार हो गए हैं। अमर उजाला टीम ने शनिवार को चार ओपन जिम की पड़ताल की। चारों अनफिट मिले। पार्क में लगे स्मार्ट सिटी के बोर्ड पर शिकायत और सुझाव के लिए 9759292592 नंबर अंकित है। जब इसे डायल किया तो संबंधित शख्स ने कहा कि वह दो साल पहले ही काम छोड़ चुके हैं।
स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों का कहना है कि अगर कोई उपकरण खराब होता है तो उसकी जिम्मेेदारी राधिका इंटरप्राइजेज की है। वहीं, राधिका इंटरप्राइजेज के संचालक नितिन बंसल ने बताया कि कुछ स्थानों पर कसरत के लिए लगे उपकरणों का इस्तेमाल झूले की तरह किया जा रहा है। इससे आए दिन उपकरण खराब होते हैं। कंपनी फिर से उनको ठीक करा देगी। वैसे, दो दिन पहले ही ठीक कराया गया था। अमर उजाला ब्यूरो
-
डॉ. राममनोहर लोहिया पार्क : कसरत के उपकरण में फुट रेस्ट नहीं
डॉ. राममनोहर लोहिया पार्क के ओपन जिम में कसरत के उपकरण में फुट रेस्ट नहीं है। पार्क में लगा फव्वारा भी नहीं चलता। बच्चों का झूला व अन्य उपकरण टूटे पड़े हैं। रोशनी के लिए लगाए गए खंभों के स्विच बॉक्स खुले पड़े हैं। इससे करंट लगने का खतरा है।
अग्रसेन पार्क : बेयरिंग खराब... साइकिलिंग नहीं कर पा रहे लोग
अग्रसेन पार्क में साइकिलिंग के उपकरण की बेयरिंग खराब है। उस पर संभल कर नहीं बैठे तो गिरने का खतरा है। ओपन जिम में तीन उपकरण खराब हैं। गांधी उद्यान में भी साइकिलिंग के उपकरण बेकार हैं। एक टूटा है तो दूसरे का फुट रेस्ट गायब है।
गांधी उद्यान : बास्केटबाल कोर्ट पर खड़ी हो रहीं कूड़ा गाडियां
गांधी उद्यान में बने बास्केटबाल कोर्ट पर कूड़ा ढोने वाली गाड़ियां खड़ी मिलीं। उनके आवागमन से टाइल्स धंस गई हैं। कोर्ट खेलने लायक नहीं है। बैडमिंटन कोर्ट भी क्षतिग्रस्त है। लाखों रुपये खर्च करके बनाए गए दो सार्वजनिक शौचालय कूड़ाघर बन गए हैं।
पंत पार्क : जिम के तीन उपकरण खराब
कमिश्नर आवास के सामने स्थित पंत पार्क के ओपन जिम के कई उपकरण टूट चुके हैं। फुट रेस्ट गायब हैं। जिम के तीन उपकरण खराब होने से लोगों को लाभ नहीं मिल पा रहा। पार्षद राजेश अग्रवाल ने बताया कि अधिकारी ध्यान देते तो यह हाल न होता।
गिरते-गिरते बचा
मैं गांंधी उद्यान में घूमने आया था। यहां जिम के अधिकतर उपकरण खराब थे। साइकिलिंग के लिए चढ़ा तो मैं गिरते-गिरते बचा। - शिवाकांत
मैं मीरानपुर कटरा से ओपन जिम में आया। यहां कई उपकरण काम नहीं कर रहे हैं। इस कारण कसरत करने में परेशानी आई। - रवि कुमार
मैं सुभाषनगर के अग्रसेन पार्क में गया था। एक झूले पर बैठा तो गिरने का डर लग रहा था, क्योंकि उसका संतुलन खराब था। - विशाल मिश्रा
मैं कैंट से आया था। मैंने देखा कि कसरत के उपकरणों की क्वालिटी ठीक नहीं है। इसलिए वह बार-बार टूटते रहते हैं। - अरुण पटेल
-
ओपन जिम की हालत दिखवाकर उन्हें ठीक कराया जाएगा। नंबर भी अपडेट होगा। संबंधित कर्मियों से जवाब तलब करेंगे। पार्कों की व्यवस्था ठीक होगी। - संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त
अमर उजाला ब्यूरो