बरेली। जिले में मंकी मलेरिया का संदिग्ध मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। शनिवार को डॉक्टरों की टीम ने देवचरा में संदिग्ध मरीज का ब्लड सैंपल लिया। सीएमओ के निर्देश पर इसे जांच के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मलेरिया रिसर्च लैब (एनआईएमआर) भेजा गया है।
देवचरा में रहने वाले 62 वर्षीय बुुजुर्ग को मंकी मलेरिया का संदिग्ध मरीज माना जा रहा है। बताया जाता है कि पिछले दिनों इंदौर के एक अस्पताल में बुजुर्ग ने बुखार आने के बाद इलाज कराया था। वहां की जांच रिपोर्ट में उसके मंकी मलेरिया से ग्रस्त होने की आशंका जताई गई है। हालांकि रिपोर्ट में यह पुष्टि नहीं की गई कि वह मंकी मलेरिया से पीड़ित है या नहीं। शनिवार की दोपहर सीएमओ के निर्देश पर डॉ. अखिलेश्वर सिंह और जिला मलेरिया अधिकारी डीआर सिंह अपनी टीम के साथ संदिग्ध मरीज के घर पहुंचे। उन्होंने मरीज के इंदौर में हुए इलाज के संबंध में भी जानकारी ली। उसके बाद खून का सैंपल लेकर टीम लौटी। इसे उसे जांच के लिए एनआईएमआर भेज दिया गया।