नलकूप की मोटर ठीक होने के बाद मढ़ीनाथ में अब पाइपलाइन ठीक करने को लेकर जल निगम और जलकल विभाग उलझ गए हैं। तीन गलियों में करीब 15 दिन से पानी नहीं है और दोनों विभाग एक दूसरे पर टाल रहे हैं।
मढ़ीनाथ वार्ड में डाकखाना, हिना ब्यूटी पार्लर और शांति निकेतन स्कूल वाली गली में करीब 15 दिन से पानी नहीं है। इन गलियों में रहने वाले करीब दो हजार पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। काफी लोग तो जरूरी कार्यों के लिए हैंडपंप और पड़ोसियों के घर से पानी लेने को मजबूर हो गए हैं। पाइपलाइन कहीं से चोक हो गई है और जल निगम एवं जलकल विभाग टाल मटोल कर रहे हैं। पार्षद मुनेंद्र सिंह ने बताया कि जल निगम ने यह पाइपलाइन अभी निगम को हैंडओवर नहीं की है। इसके चलते जल कल विभाग ने मरम्मत से मना कर दिया है जबकि जल निगम पाइप लाइन तीन साल से ज्यादा पुरानी होने की बात कहकर मरम्मत से इंकार कर रहा है। पिछले दिनों यहां नलकूप का मोटर खराब होने पर भी यही मामला फंसा था। इसको लेकर उन्होंने मेयर उमेश गौतम से शिकायत की है।