बरेली। गर्मी की छुट्टियों में ठंडे इलाकों की सैर आसान नहीं। दार्जिलिंग और देहरादून रूट की कुछ ट्रेनों में नो रूम है तो कुछ में लंबी वेटिंग चल रही है। वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेन में भी कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहे हैं। तत्काल कोटे में भी टिकटों का टोटा है। इससे परेशान ज्यादातर लोगों ने घूमने की योजना को फिलहाल टाल दिया है, वहीं सक्षम लोग टैक्सी सहित हवाई सेवा के विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।
न्यू जलपाईगुड़ी जाने वाली ट्रेनों में 20 जून तक लंबी वेटिंग है। छह से 15 जून तक इस रूट की ट्रेनों में वेटिंग 160 के पार है। 16 से 20 जून तक 100 से अधिक वेटिंग दिखा रहा है। इस बीच अलग-अलग तिथियों में अलग-अलग ट्रेनों की अलग-अलग श्रेणियों में नो रूम की स्थिति है।
उत्तराखंड का सफर भी मुश्किल
उत्तराखंड के मसूरी, ऋषिकेश, बड़कोट, मुंश्यारी, रानीखेत, धौराहट जैसे इलाकों में छुट्टियां बिताने वाले की कमी नहीं है। देहरादून, ऋषिकेश, हल्द्वानी और रुड़की की ओर जाने वाली ट्रेनों में 20 जून तक लंबी वेटिंग चल रही है। छह से 15 जून तक कई ट्रेनों नो रूम की स्थिति है तो कई ट्रेनों की अलग-अलग श्रेणियों में 50 से अधिक वेटिंग चल रही है। देहरादून जाने वाली वंदे भारत की चेयर कार (सीसी) और एग्जीक्यूटिव श्रेणी में भी इन दिनों लंबी वेटिंग चल रही है। 22545 वंदे भारत की दोनों श्रेणियों में छह से 14 जून तक वेटिंग चल रही है।
दोपहिया वाहनों से पहाड़ों की सैर पर तीन दिन का ब्रेक
हल्द्वानी। ईद के मद्देनजर पुलिस ने शुक्रवार से रविवार तक पहाड़ों पर बाइक व अन्य दोपहिया वाहनों से पर्यटकों के घूमने पर रोक लगा दी है। छह जगह बनाए गए बैरियरों से बाइक सवार शहर की ओर लौटा दिए जाएंगे। ऐसा इसलिए किया जाएगा, क्योंकि ईद पर पहाड़ के रास्तों पर दोपहिया वाहन ज्यादा पहुंचने से हादसे का अंदेशा रहेगा। यह जानकारी एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने दी है। ब्यूरो