पटेल चौक से चौपुला तक दोनों ओर वाहनों ने घेरी सड़क
रात भर फुटपाथ के साथ सड़कों को घेर कर खड़े रहने वाले भारी वाहन कोहरे के सीजन में हादसों को बुलावा दे रहे हैं। रोडवेज बसें ही नहीं निजी वाहन और ट्रैवल एजेंसियों ने भी सड़कों के दोनों ओर कब्जा जमा लिया है। पटेल चौक से लेकर चौपुला तक सड़क के दोनों ओर रात में सर्विस लेन बचती ही नहीं। यहां दिन में भी सैकड़ों वाहन इसी तरह खड़े रहते हैं।
अटल सेतु के नीचे दोनों ओर सर्विस लेन बची ही नहीं है। गौर करने की बात यह है कि यहां से जंक्शन, सिटी रेलवे स्टेशन के लिए भी रोड जाती हैं। काफी संख्या में वाहन नीचे से ही रास्ता तय करते हैं। यहीं से बदायूं रोड, नैनीताल रोड और दिल्ली रोड भी लिंक होते हैं।हाल ही में अटल सेतु और चौपुला को आपस में जोड़ा भी गया है। सड़क घेरे वाहन दिन में जाम का कारण बनते हैं और रात में हादसों को न्योता देते हैं।
कहीं नजर नहीं आता स्मार्ट सिटी का फुटपाथ
पटेल चौक से लेकर चौपुला तक कहीं पर भी स्मार्ट सिटी का फुटपाथ नजर ही नहीं आता। पुल के एक ओर फुटपाथ पर दुकानदारों ने कब्जा कर दिया है तो दूसरी ओर अस्थाई व स्थाई अतिक्रमण के रूप में कई झोंपड़ियां बन गई हैं। पटेल चौक की ओर आने वाले वाले चौपुला पुल और अटल सेतु से होकर पटेल चौक की ओर नीचे उतरने के बाद अलग-अलग दिशाएं तय करते हैं। यहां अक्सर हादसे भी होते रहते हैं।