बरेली। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में गैर हाजिर रहने वाले बच्चों पर अब कंप्यूटर की नजर रहेगी। इस बारे में शासन की ओर से आदेश जारी हो गया है। जिसमें कहा है कि स्कूल खुलने के एक घंटे के अंदर शिक्षक बच्चों की हाजिरी लेंगे और उसे एनआईसी के निर्धारित नंबर पर अपने मोबाइल से एसएमएस करेंगे। जिससे कि छात्रों की प्रतिदिन की हाजिरी का ब्योरा शिक्षा विभाग के ब्लाक जिला तथा प्रदेश स्तरीय अधिकारियों तक पहुंच जाए। इससे यह स्पष्ट हो जाएगा कि शिक्षक और बच्चे शिक्षा के प्रति कितने गंभीर हैं। इस व्यवस्था में शिक्षकों की भी हाजिरी की पुष्टि हो जाएगी।
निदेशक बेसिक शिक्षा की ओर से जारी आदेशों में कहा है कि शिक्षकों को विद्यालय खुलने के एक घंटे के भीतर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से एसएमएस के जरिए बच्चों की उपस्थिति और अनुपस्थित का डाटा कक्षावार एनआईसी पोर्टल पर भेजना होगा। इसको लेकर प्रदेश के सभी जिलों के डीएम और बीएसए को आदेश जारी किए गए हैं।
इससे पहले शिक्षा विभाग मिड डे मील ले रहे बच्चों का ब्योरा आन लाइन फीड करता रहा है। इस बारे में लखनऊ से भी जानकारी की जा रही है। बच्चों को दी जाने वाली छात्रवृत्ति का ब्योरा भी आन लाइन कर दिया गया है। इसके अलावा शिक्षकों की नियुक्ति के लिए भी आवेदन आन लाइन मांगे गए हैं। इन सभी में सफलता के बाद ही छात्र-छात्राओं की हाजिरी आन लाइन करने का आदेश जारी किया है। जिसे अगले महीने से सभी स्कूलों में लागू करने की योजना है।