तीन माह पहले हुआ था विवाह
थाना हाफिजगंज के गांव सिथरा निवासी तेजपाल ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री पूजा (उम्र 18 साल) का विवाह तीन माह पूर्व एक दिसंबर 2025 को गांव सुडियावा निवासी भगवतसरन के साथ किया था। पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज के लिए पूजा को प्रताड़ित करने लगे थे। इसके बाद पूजा मायके चली आई। सोमवार को ही उसका पति उसे अपने साथ ले गया। रात में सूचना मिली कि पूजा की मौत हो गई है। जब वह लोग पहुंचे तो पूजा का शव फंदे से लटका। उसके गले में दुपट्टे का फंदा बंधा था।
यह भी पढ़ें- बरेली में दर्दनाक हादसा: बाल्टी के पानी में डूबकर मासूम की मौत, गांव में तलाशते रहे परिजन, बाथरूम में मिला शव
आरोप: हत्या कर फंदे से लटकाया शव
पिता तेजपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि रात में ही पति व ससुरालियों ने मिलकर पूजा को पीटा और हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर बारीकी से जांच करने के बाद शव को उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जांच कर रही है।