बरेली। इज्जतनगर रेलवे वर्कशाप में तैयार किए गए उत्कृष्ट कोच सबसे पहले रामनगर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस में लगाए जाएंगे। रेलवे के मुताबिक नए कोच हाईटेक हैं जिनमें महिला और बुजुर्ग यात्रियों के लिए खास सुविधाओं का इंतजाम किया गया है।
रेलवे ने इंटीग्रल कोच फैक्ट्री में बनाए गए रेल कोच का इज्जतनगर रेलवे वर्कशाप में आधुनिकीकरण करने का काम लगभग पूरा हो चुका है। सूत्रों के मुताबिक ये महिला और बुजुर्ग यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किए गए हैं। एसी फर्स्ट कोच के हर केबिन में डिजिटल घड़ी और वाई-फाई सिस्टम भी लगाया गया है। शौचालय में स्वाचालित लिक्विड सोप डिस्पेंसर हैं। सबसे पहले इन कोच को रामनगर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस में लगाने की तैयारी है।
इज्जतनगर रेल मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि उत्कृष्ट कोच योजना के तहत 17 कोच विकसित किए गए हैं। रेलवे बोर्ड की योजना के तहत पुराने कोच में भी अंदरूनी साज-सज्जा बदली गई है। इन कोच को रामनगर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस में लगाने की शुरुआत होगी। बाद में दूसरी ट्रेनों में भी इन्हें लगाया जाएगा।