शुक्रवार को चौकी चौराहा पर काफी देर तक फंसे रहे वाहन
बरेली। चौकी चौराहा अब शहर में जाम का नया प्वाइंट बन गया है। पीडब्लूडी कार्यालय के सामने सीवर ट्रंक लाइन की खोदाई शुरू होने के बाद रोजाना जाम लगने लगा है। शुक्रवार को चौराहे पर लोग जाम में फं से रहे। एक ही सड़क पर वाहनों के आने-जाने से ट्रैफिक व्यवस्था पूरे दिन गड़बड़ाई रही। जाम से बचने के लिए लोग रामपुर गार्डन की गलियों से निकले तो वहां भी जाम लग गया। उधर, संपवेल लाइन का काम होने से स्टेडियम रोड पर भी लोगों को मुसीबत झेलनी पड़ी।
सीवर ट्रंक की खोदाई होने से शहर में पहले से ही कई सड़कें खुदी पड़ी है। इन सड़कों से निकलना लोगों के लिए एक युद्ध लड़ने जैसा हो गया है। चौकी चौराहा पर अभी तक इस तरह की दिक्कत नहीं थी मगर सीवर ट्रंक लाइन की खोदाई शुरू होने के कारण यहां भी जाम लगने लगा है। शुक्रवार को सुबह से ही लोग चौकी चौराहा से निकलने के लिए परेशान रहे। प्रभा टॉकीज से चौकी चौराहा तक एक ही सड़क पर आने-जाने का ट्रैफिक होने से लोग सिग्नल पर भी भ्रमित दिखे। इससे पूरे दिन लोगों को जाम से जूझना पड़ा। कुछ लोग प्रभा टॉकीज के सामने और कंपनी गार्डन की ओर से घूमकर रामपुर गार्डन की गलियों से होते हुए नगर निगम व पटेल चौक की ओर जाकर निकले। इससे रामपुर गार्डन की गलियों में भी ट्रैफिक की समस्या होने लगी है।
दूसरी ओर स्टेडियम रोड पर संजय नगर मोड़ से हजियापुर तक संपवेल लाइन डालने का काम किया जा रहा है। लाइन पड़ने के चलते यहां भी जाम लग रहा है। चीफ इंजीनियर भूपेश कुमार सिंह ने बताया कि यहां तेजी से लाइन डालने का काम किया जा रहा है। लाइन पड़ने के बाद पीछे की मिट्टी दबाई जा रही है। जल्द ही काम पूरा कर लिया जाएगा।