बरेली। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत जिले में तीन शॉर्ट टर्म के नए कोर्स शुरू होने वाले हैं। इससे युवाओं के लिए रोजगार प्राप्त करने के नए अवसर प्राप्त होंगे। इसमें मुख्य रूप से टेलीकॉम, वेयर हाउस व फूड प्रोसेसिंग के शॉर्ट टर्म सर्टिफिकेट कोर्स शामिल हैं।
कौशल विकास मिशन के जिला समन्वयक शिव कुमार शर्मा ने बताया कि नए शुरू होने वाले कोर्स 200-600 घंटे के होंगे। इसमें सबसे अधिक डिमांड टेलीकॉम सर्टिफिकेट कोर्स की है। इसे करने वाले युवाओं के लिए मोबाइल फोन ठीक करने से लेकर इंटरनेट नेटवर्किंग सेक्टर में नौकरी के अवसर खुलेंगे। इसके लिए न्यूनतम योग्यता आठवीं या दसवीं पास होना चाहिए।
इसके अलावा वेयर हाउस के सर्टिफिकेट कोर्स से स्टोर हाउस समेत अन्य स्थानों पर भी रोजगार के कई अवसर खुलेंगे। फूड प्रोसेसिंग से बेकरी व अन्य खाद्य प्रसंस्करण इंडस्ट्री में नौकरी के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने बताया कि अभी कोर्स में शामिल करने के ट्रेनिंग प्रोवाइडर व छात्रों की संख्या आनी बाकी है।
अगले सप्ताह में कोर्स को लेकर और स्पष्टता आएगी। इन पाठ्यक्रमों को निशुल्क सिखाया जाएगा। बता दें कि बीते सत्र में जिले में 22 सेंटरों पर संचालित हुए, जिनका समापन लगभग हो चुका।
एआई के कोर्स को शुरू होने में लगेगा समय
जिला समन्वयक व आईटीआई के नोडल प्रधानाचार्य शिव कुमार शर्मा ने बताया कि इस समय कौशल विकास व आईटीआई में एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के पाठ्यक्रम पर विचार चल रहा है। हालांकि, ऐसे कोर्स को शुरू होने में समय लगेगा। इन पाठ्यक्रमों को राष्ट्रीय स्तर पर नेशनल काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग (एनसीवीटी) से स्वीकृत किया जाएगा। इसके बाद ये पाठ्यक्रम में शामिल हो सकता है। बताया जा रहा है कि अब तक कौशल विकास मिशन के तहत छात्रों में एआई कोर्स की डिमांड कम है, इसे बढ़ाने के लिए ग्रामीण स्तर के सेंटर संचालक, रोजगार सचिव व अन्य सहयोगियों के माध्यम से छात्रों को जागरूक किया जाएगा।