गर्भपात कराने के बाद बिगड़ी तबीयत तो कर दिया रेफर, मामले में पुलिस से शिकायत
शाही। कस्बे के एक क्लीनिक में गर्भस्थ शिशु की मौत के बाद महिला की भी सोमवार को मौत हो गई। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है।
कस्बा के मोहल्ला गांधीनगर के रहने वाले संजीव सिंह ने बताया कि पत्नी सोनाली सिंह गर्भवती थीं। तबीयत खराब होने पर कस्बा में ही एक क्लीनिक पर इलाज के लिए भर्ती करा दिया। गर्भाशय में ही शिशु की मौत होने की बात कहते हुए डॉक्टर व अन्य स्टाफ ने गर्भस्थ शिशु का क्लीनिक पर ही गर्भपात करा दिया। डॉक्टर ने पत्नी का स्वास्थ्य ठीक होने की बात कहते हुए रविवार सुबह साढ़े आठ बजे घर ले जाने के लिए छुट्टी कर दी। घर पहुंचने पर पत्नी की तबीयत बिगड़ गई तो वह अस्पताल दोबारा पहुंचे। वहां मौजूद डॉक्टर व स्टाफ ने बरेली ले जाने के लिए कह दिया।
परिजन बरेली अस्पताल लेकर गए तो चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पति संजीव सिंह ने कस्बा के क्लीनिक के डॉक्टर और स्टाफ पर पत्नी के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। एसओ अमित कुमार बालियान ने कहा है कि शिकायत मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद
अपंजीकृत क्लीनिकों की जांच होगी: डॉ. संचित शर्मा
सीएचसी प्रभारी डॉ. संचित शर्मा ने कहा कि हमें व्यक्ति रूप से शिकायत मिली है और न ही थाने से शिकायत मिली है। जैसे ही शिकायत मिलेगी, तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इस तरह घटनाओं पर रोक लगाने के लिए अपंजीकृत चिकित्सकों व अस्पतालों की जांच की जाएगी।