बरेली। शहर में नीट की परीक्षा अब दो केंद्रों पर होगी। पहले बरेली शहर में नीट परीक्षा के लिए सिर्फ एक ही केंद्र बनाया गया था। लेकिन कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए एक केंद्र बढ़ाने का फैसला किया गया है। पहले एक ही केंद्र होने की वजह से परीक्षार्थियों की भीड़ जुटने और सामाजिक दूरी टूटने की आशंका थी। परीक्षार्थियों को रोल नंबर के आधार पर दोनों परीक्षा केंद्रों पर बांट दिया गया है। इसकी सूचना भी जारी कर दी गई है।
13 सितंबर को होने जा रही नीट-2020 परीक्षा के लिए जिलेभर में 31 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर करीब 14 हजार परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी है। बरेली में पहले एक ही केंद्र एसआरएमएस में बनाया गया था। लेकिन कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए शहर में परीक्षा केंद्रों की संख्या अब एक से बढ़ाकर दो कर दी गई है। नीट परीक्षा के समन्वयक और डीपीएस के प्रिंसिपल वीके मिश्रा ने बताया कि रोल नंबर 4403001001 से 4403001480 तक के परीक्षार्थी एसआरएमएस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में परीक्षा देंगे। जबकि रोल नंबर 4403031001 से 4403031480 तक के परीक्षार्थी बीसलपुर रोड पर राधामाधव स्कूल में बने परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देंगे। उन्होंने बताया कि यह परिवर्तन कोविड की वजह से परीक्षार्थियों की संख्या को एक स्थान पर कम करने और सामाजिक दूरी बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया है। सभी परीक्षार्थियों के लिए नया प्रवेश पत्र उपलब्ध करा दिया गया है। वीके मिश्रा ने बताया कि परीक्षा में बैठने के लिए सभी परीक्षार्थियों को पहले ही दिशा-निर्देश के बारे में अवगत करा दिया गया है।
ज्यादा तापमान वाले परीक्षार्थियों के लिए होगा अलग बैठने का इंतजाम
परीक्षा समन्वयक ने बताया कि थर्मल स्क्रीनिंग में अगर किसी परीक्षार्थी का ज्यादा तापमान आता है तो उसे अन्य परीक्षार्थियों से अलग बैठाकर परीक्षा देने की व्यवस्था कराई जाएगी।