परीक्षा छूटते ही शहर भर की सड़कें हो गईं जाम।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
परीक्षा केंद्रों के बाहर रहा मेले जैसा माहौल, अभिभावकों ने नहीं रखा सामाजिक दूरी का ख्याल
बरेली। नीट परीक्षा के दौरान रविवार को सुबह से शाम तक शहर में गहमागहमी का माहौल रहा। अभ्यर्थियों के साथ आए अभिभावकों ने सड़कों पर वाहन खड़े करने के साथ परीक्षा केंद्रों के बाहर जमघट लगाए रखा। परीक्षा खत्म होने के बाद कारों और बाइकों की भरमार ने तमाम सड़कों को जाम कर दिया।
नीट परीक्षा में वैसे तो 14 हजार परीक्षार्थियों को ही शामिल होना था लेकिन अभिभावकों के साथ आने की वजह से परीक्षा केंद्रों के आसपास भारी भीड़भाड़ का माहौल बन गया। रविवार की वजह से रास्तों पर आम लोगों की आवाजाही कम थी लेकिन इसके बावजूद परीक्षा केंद्रों के बाहर मेले जैसे नजारे दिखाई दिए। भीड़भाड़ में आपसी दूरी के नियम भी टूटते रहे। कई बार पुलिस ने लोगों हटाने की कोशिश की मगर कामयाब नहीं हो सकी।
शाम को पांच बजे परीक्षा खत्म होने के बाद लोग निकले तो सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई। अधिकांश परीक्षार्थी कार से आए थे जबकि कई बाइक और स्कूटी तो बाकी टेंपो व बसों के सहारे थे। एक साथ बड़ी संख्या में वाहन निकले तो सिटी स्टेशन रोड, पीलीभीत रोड, बदायूं रोड समेत दूसरे रास्तों पर जाम लग गया।
परीक्षा छूटने के बाद कुछ देर गहमागहमी जरूर रही मगर कहीं लंबा जाम नहीं लगा। ट्रैफिक और सिविल पुलिस ने आपसी समन्वय से बेहतर काम किया और वाहनों को एक जगह नहीं ठहरने दिया। - एससी गंगवार, एसपी ट्रैफिक