बदायूं। नेहरु मेमोरियल शिव नारायण दास कॉलेेज में एनसीसी में एडमिशन के लिए कई छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था, इसमें से फिजिकल टेस्ट में पास होने पर 18 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। इसमें सात छात्राएं हैं, बाकी छात्र हैं। अब इन सभी की लिखित परीक्षा होगी। टेस्ट में पास होने पर छात्र-छात्राओं को एनसीसी कैडेट्स माना जाएगा।
महात्मा ज्योतिबा फुले विश्वविद्यालय से संबद्ध कई डिग्री कॉलेज संचालित है। इसमें बदायूं के दास डिग्री कॉलेज समेत कई महाविद्यालय शामिल है। विश्वविद्यालय की ओर से नेहरू मेमोरियल शिव नारायण दास कॉलेेज को तीन वर्ष के लिए एनसीसी की 55 सीटें दी गई हैं, जिसमें प्रथम वर्ष के लिए इस साल विश्वविद्यालय की ओर से 18 सीट दी गई थीं। इसके लिए कॉलेज स्तर से छात्र-छात्राओं से आवेदन मांगे गए थे। इसमें 50 के करीब छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था। इनके चयन के लिए बरेली से एनसीसी के अधिकारी आए। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं का फिजिकल टेस्ट कराया। इसमें 18 छात्र-छात्राएं पास हुए हैं। अब इनकी लिखित परीक्षाएं होंगी। उसके आधार पर फाइनल लिस्ट तैयार की जाएगी । एनसीसी के लेफ्टिनेंट डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि फिजिकल टेस्ट में पास सभी छात्र-छात्राओं का अब लिखित टेस्ट होगा। इसकी तिथि घोषित होते ही सभी को जानकारी दी जाएगी। इसमें लिखित टेस्ट में पास होने के बाद में इन्हें एनसीसी कैडेट्स माना जाएगा।