NCC cadets to serve the country Resolution
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
एनसीसी दिवस पर रविवार को बरेली कालेज में 8-यूपी गर्ल्स बटालियन की कैडेट्स ने कदमताल कर सदैव देशसेवा का संकल्प दोहराया। उन्होंने परेड में एनसीसी के आदर्श वाक्य- ‘एकता और अनुशासन’ का परिचय दिया।
कालेज सभागार में आयोजित सांस्कृति कार्यक्रमों में समूह नृत्य, देशभक्ति गीत, गजल और शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति से कैडेट्स ने समां बांध दिया। लेफ्टिनेंट डॉ. वंदना शर्मा के नेतृत्व में कैडेट्स ने एड्स के खिलाफ सामाजिक जागरूकता की शपथ ली। डॉ. वंदना ने इस मौके पर कहा कि एनसीसी देश का ही नहीं, पूरे विश्व का सबसे बड़ा वर्दीधारी युवा संगठन है। आज पूरे देश में 13 लाख से भी ज्यादा एनसीसी कैडेट्स हैं। कार्यक्रम का संयोजन लेफ्टिनेंट डॉ. वीनम सक्सेना ने किया। इस मौकेे पर थल सेना कैंप के प्रतिभागी कैडेट्स को पुरस्कृत भी किया गया।
मनोहर भूषण इंटर कालेज में जूनियर और सीनियर डिवीजन एनसीसी कैडेट्स् ने मेजर एलबी सिंह और प्रथम अधिकारी मुरारी लाल गंगवार के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। रैली को प्रिंसिपल डॉ. मनोज कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली कालेज प्रांगण से होकर कोहाड़ापीर, प्रेमनगर धर्मकांटा होती हुई लौटकर समाप्त हुई। आरएन टैगोर इंटर कालेज में भी एनसीसी दिवस मनाया गया। कैडेट्स की सेकेंड आफिसर कुन्ती मेहता, प्रिंसिपल बीना जौहरी और उप प्रधानाचार्य केसी सती की मौजूदगी में वृक्षारोपण किया गया।