बदायूं। महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से संबद्ध चल रहे कॉलेजों में से चुंनिदा डिग्री कॉलेजों में एनसीसी है। हर साल अगस्त में एनसीसी की कक्षाएं/परेड होना शुरू हो जाती थी, लेकिन इस बार सत्र में काफी देरी हो रही है। अभी तक एनसीसी में चयन के लिए कैडेट्स इंतजार कर रहे हैं कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद में कक्षा और परेड की शुरूआत हो सके।
एनसीसी का अमूमन अगस्त तक हर परिस्थितियों में सत्र शुरू हो जाता था, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हो सका है। इसकी वजह है कि एनसीसी मुख्यालय की ओर से इस बार चयन प्रक्रिया में बदलाव किया गया है, जिसके चलते पहले इच्छुक छात्र-छात्राओं से आवेदन लिए गए थे। नेहरू मेमोरियल शिव नारायण दास डिग्री कॉलेज में करीब दो सौ छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था। इसके बाद में बरेली से आए एनसीसी के अधिकारियों ने सभी छात्र-छात्राओं का फिजिकल टेस्ट लिया। इसमें पास होने वाले छात्र-छात्राओं का उसी दिन पेपर हो जाता था, लेकिन इस प्रक्रिया में पहली बार बदलाव करते हुए ये परीक्षा बरेली में कराने का निर्णय लिया था। इस बदलाव के बाद अभी तक परीक्षा कराने के लिए कॉलेज को कोई तिथि नहीं मिली है। ऐसे में एनसीसी की कक्षाएं/परेड सत्र सत्र देरी से शुरू होगा। फिलहाल फिजिकल में पास छात्र-छात्राएं लिखित परीक्षा की तिथि आने का इंतजार कर रहे हैं।