नवाबगंज फोटो 1 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करते विधायक डाक्टर एम पी आर्य
नवाबगंज। नवाबगंज के भाजपा विधायक डॉ. एमपी आर्य ने सोमवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर मुलाकात की। उन्होंने नवाबगंज विधानसभा क्षेत्र से संबंधित कई समस्याओं को मुख्यमंत्री के सामने रखा। नवाबगंज में 32 साल से बंद पड़े रोडवेज बस अड्डा को दूसरे स्थान पर बनाने संबंधी मांग पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री ने उनको शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
नवाबगंज बस अड्डा 32 साल से बंद होने के कारण इसका भवन जर्जर हो गया है। नवाबगंज होकर गुजरने वाली बसें बस अड्डा तक नहीं जातीं। जर्जर भवन को कई साल पहले रोडवेज ने निष्प्रयोज्य तो घोषित कर दिया, लेकिन नए बस अड्डा को लेकर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। मुख्यमंत्री को दिए पत्र में विधायक डॉ. एमपी आर्य ने कहा है कि नगर में बाइपास पर राजस्व विभाग की काफी भूमि है। इस भूमि पर बस अड्डा का निर्माण कराया जा सकता है।
उन्होंने लिखा है कि नवाबगंज में बस अड्डा न होने के कारण यहां से गुजरने वाली उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों का संचालन मनमाने ढंग से होता है। नवाबगंज के लोगों को पीलीभीत और बरेली की यात्रा के लिए डग्गमार वाहनों का सहारा लेना पड़ता है या फिर उनको कस्बे से तीन किलोमीटर दूर बिजौरिया स्टेशन जाना पड़ता है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उनके साथ पालिकाध्यक्ष पति नीरेंद्र सिंह राठौर भी रहे। संवाद
पुस्तकालय बनाने के लिए एक एकड़ भूमि भी मांगी
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान विधायक ने पुस्तकालय निर्माण के लिए एक एकड़ भूमि की भी मांग की है। वह छात्र-छात्राओं और पढ़ने-लिखने में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए विशाल पुस्तकालय स्थापित कराना चाहते हैं। उन्होंने कहा है कि क्षेत्र के गांव अधकटा नजराना में पुस्तकालय बनाया जा सकता है। इसके लिए शासन के साथ आम लोगों का सहयोग लेंगे और अपनी निधि का भी इस्तेमाल करेंगे। संवाद