बरेली। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित 69वीं राष्ट्रीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का आगाज मंगलवार से राजकीय इंटर कॉलेज मैदान पर होगा। सोमवार को खिलाड़ियों ने अपना पंजीकरण कराया। पंजीकरण के दौरान खिलाड़ियों के सभी दस्तावेजों की सावधानीपूर्वक जांच की गई और उनकी बायोमैट्रिक हाजिरी दर्ज की गई। इसके लिए विद्यालय परिसर में कई पंजीकरण केंद्र बनाए गए, ताकि पंजीकरण प्रक्रिया समय से पूरी की जा सके और टीमों को कोई असुविधा न हो।
मंडलीय क्रीड़ा सचिव नईम अहमद ने बताया कि मंगलवार को प्रतियोगिता में 70 टीमों के 836 खिलाड़ी मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसमें 36 बालक व 34 बालिकाओं की टीमें शामिल हैं। वहीं, बालक और बालिका वर्ग दोनों में आठ पूल होंगे। आयोजकों ने बताया कि सोमवार देर-रात तक कई टीमों का आगमन हो चुका है। वहीं कुछ टीमें मंगलवार सुबह पहुंचेंगी।
अभ्यास सत्र में खिलाड़ियों ने किया प्रतिभाग
खिलाड़ियों की सहूलियत को देखते हुए उनको अभ्यास के लिए कोर्ट की सुविधा प्रदान की गई। इसमें रविवार व सोमवार को शहर पहुंची टीमों ने अभ्यास किया। इसके लिए एफआर इस्लामिया और आसपास के अन्य कोर्ट में विशेष इंतजाम किए गए।
प्रतियोगिता के लिए तैयार किए गए हैं पांच कोर्ट
प्रतियोगिता के दौरान मुकाबले पांच कोर्ट पर आयोजित किए जाएंगे। इसमें बालिकाओं के लिए दो, बालकों के लिए भी दो और एक संयुक्त कोर्ट होगा। लीग मुकाबलों के परिणाम बेस्ट ऑफ थ्री में 25 पॉइंट्स के सेट व क्वार्टर फाइनल से लेकर फाइनल मुकाबले बेस्ट ऑफ फाइव के मुताबिक होंगे। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में दूसरी बार टाइम आउट बजर का भी उपयोग किया जाएगा। प्रत्येक टीम को मैच के दौरान दो बार 30 सेकंड का टाइम आउट मिलेगा, जिसे कोच या टीम का कप्तान अपील करके इस्तेमाल कर सकता है। संवाद
-
- प्रतियोगिता के लिए उत्साहित हैं खिलाड़ी
हमारी टीम पिछले महीने से अभ्यास में जुटी है। टीम का माहौल काफी सकारात्मक है। अभ्यास मुकाबलों में भी टीम ने बेहतर प्रदर्शन किया था। - रिषिकेश चौबे, तमिलनाडु
प्रतियोगिता के लिए टीम ने पूरी तैयारी की है। सभी खिलाड़ियों का आपसी ताल-मेल बेहद बेहतरीन है। उम्मीद है अच्छे परिणाम हासिल होंगे। - ईश्वरी राऊत, आंध्र प्रदेश
पिछली बार टीम को कांस्य पदक से संतुष्ट होना पड़ा था, लेकिन इस बार हम पदक का रंग बदलने के लिए मैदान में उतरेंगे और जी-जान लगा देंगे। - सीया खान, राजस्थान