बरेली। बसपा जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए देखो और इंतजार करो की नीति पर चल रही है। राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा है कि अधिसूचना जारी होने के बाद प्रत्याशी घोषित किया जाएगा। उन्होंने बुधवार को मंडल के चारों जिलों से दावेदारों की नब्ज भी टटोली।
बसपा नेता ने सभी प्लानिंग गोपनीय रखने के निर्देश देते हुए कहा कि अंतिम क्षणों में सपा की रणनीति को भांपने के बाद ही इस बारे में फैसला किया जाएगा। इससे पहले मंडलीय बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पदाधिकारी विधान सभा चुनाव की तैयारी में जुटें। पार्टी की नीतियों को गांवों में पहुंचाया जाए। बैठक में जोनल कोआर्डिनेटर ब्रह्म स्वरूप, जिलाध्यक्ष राजेश सागर, विधायक वीरेंद्र सिंह, केसर सिंह, सुल्तान बेग, वरिष्ठ नेता अयोध्या प्रसाद गंगवार, गुरवचन लाल, संजीव सागर, अब्बास अली जैदी, नरेंद्र सागर, अजय प्रसाद आदि मौजूद रहे।
कल्याणकारी दिवस के रूप में मनेगा मायावती का जन्म दिन
बरेली। बसपा सुप्रीमो मायावती के जन्म दिन को प्रदेश के सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में जन कल्याणकारी दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस बारे में बसपा के सभी जिलों की इकाइयों को निर्देश दे दिए हैं। जोनल कोआर्डिनेटर और वधानसभा अध्यक्षों को इस बारे में जिम्मेदारी सौंपी जा रहीं हैं।
राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने मंडलीय पदाधिकारियों को बैठक में कहा कि वह बसपा सुप्रीमो मायावती का 15 जनवरी को जन्म दिन धूमधाम से मनाएं। इस दिन गरीबों की सेवा करें, उनके कल्याण के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। सर्दी का मौसम होने के कारण गरीबों और असहाय लोगों को कंबल, ऊनी कपड़े आदि का वितरण करें। जरूरी हो तो उनके घरों में खाने के लिए राशन की व्यवस्था कराई जाए। मिष्ठान वितरण के साथ ही केक काटा जाएगा। इस दौरान बसपा शासनकाल में हुए कार्यों की उपलब्धि भी बताएं। साथ ही सपा सरकार में हो रहे उत्पीड़न के विरोध में लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए हैं।