समाजवादी पार्टी के बाद बसपा ने भी अपने पत्ते खोलने शुरू कर दिए हैं। अताउर रहमान के बसपा में जाने की अटकलों पर फिलहाल विराम लगाते हुए सोमवार में राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने बहेड़ी से नसीम अहमद को प्रत्याशी घोषित कर दिया। माना जा रहा है दो और चार अप्रैल में फरीदपुर व शहर विधान सभा से नाम भी घोषित हो जाएंगे।
केसर इंटर कालेज के मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन में सिद्दीकी ने वन विभाग के पूर्व अधिकारी नसीम अहमद को बहेड़ी विधान सभा से प्रत्याशी घोषित किया। इस मौके पर सिद्दीकी ने सपा सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था चौपट है और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। गुंडाराज खत्म करने को बसपा को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि बसपा ने वजीफा देने की योजना शुरू की थी उसे सपा ने बंद कर दिया। पुलिस भर्ती में जाति बिरादरी सबसे ज्यादा हावी रही, यादवों पर खास ध्यान दिया गया।
सिद्दीकी ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि अच्छे दिन आने का खूब प्रचार किया गया लेकिन अभी तक अच्छे दिन हीं आए। सूबे में दंगा कराने का काम सपा व भाजपा मिलकर करते हैं। थाने, तहसील में दलालों के अड्डे बन गये हैं। हर वर्ग इनसे त्रस्त हो चुका है। इन हालात में प्रदेश की जनता अब बसपा को लाना चाहती है।
अताउरहमान पर बेग ने किया तंज
मीरगंज विधायक सुलतान बेग ने बहे़ड़ी के विधायक अताउर्रहमान पर जमकर तंज कसे और उनको चमचा पालने का शौकीन बताया। उन्होंने सवाल किया कि वे बहेड़ी विधायक हैं या वजीर यह आज तक नहीं समझ पाये। बसपा प्रत्याशी नसीम अहमद ने कहा कि वह दो साल से विधायक अताउर्ररहमान से लगातार लोहा ले रहे हैं।
इस दौरान जोन कोआर्डिनेटर ब्रह्म स्वरूप सागर, जिलाध्यक्ष राजेश सागर, नरेंद्र सागर, संजीव सागर, रवि नागर गूूजर, सतपाल गौतम, तनवीर अहमद काला बच्चा, समीरउद्दीन खां, लईक अहमद मलिक ,सरदार काला सिंह, सुंदर लाल मौर्य, नईम अहमद आदि मौजूद रहे। इससे पहले नसीम अहमद और अंजुम रशीद ने स्वागत जुलूस आयोजित किया।
बाक्स:
कोई गठबंधन नहीं: सिददीकी
बहेड़ी। राष्ट्रीय महासचिव व नेता प्रतिपक्ष नसीम्द्दीन सिद्दीकी ने अमर उजाला से हुई बातचीत में कहा कि यूपी में भाजपा से गठबंधन नहीं होगा। बसपा धोखा खा चुकी है। प्रदेश में किसानों की हालत दयनीय हो चुकी है । विधानसभा में बेहद अशोभनीय बयानबाजी हो रही है, खुद नगर विकास मंत्री आजम खां सबसे आगे हैं। सदन में गरिमा नहीं बची है, अखबारों में पढ़कर बेहद धक्का लगा है।
उन्होंने कहा कि विकास व कौमी एकता के एजेंडे पर बसपा चुनाव लडे़गी। सभी वर्गों को साथ लेकर एक समान विकास किया जाएगा। दो बार चुनाव लड़ चुके अंजुम रशीद को मौका नहीं दिए जाने पर सिद्दीकी ने बताया कि अंजुम ने आज तक टिकट मांगा ही नहीं। इसलिए प्रत्याशी घोषित कर दिया है। इसके बाद अगर किसी ने अनर्गल बातें की और पार्टी की नीतियों के खिलाफ काम किया तो उसे पार्टी से बाहर का रास्ता भी दिखा दिया जाएगा।