इफको आंवला। तीन दिवसीय दौरे पर आंवला पहुंचे इफको के प्रबंध निदेशक डाॅ. उदय शंकर अवस्थी ने बृहस्पतिवार को नैनो यूरिया प्लांट का निरीक्षण किया। उत्पादन कार्य में लगे स्टाफ की सराहना की।
कहा कि देश में आंवला को पहला नैनो यूरिया प्लांट लगाने का गौरव मिला था। अब तक यहां से एक करोड़ से अधिक नैनो यूरिया की बोतलें भेजी जा चुकी हैं। इससे किसानों और केंद्र सरकार दोनों को लाभ हुआ है। अब तक किसान भाइयों को रासायनिक उर्वरक यूरिया की 45 किलो की बोरी ढोनी होती थी। अब 500 एमएल की बोतल से ही काम चल जाता है।
नैनो यूरिया पर केंद्र सरकार कोई सब्सिडी नहीं देती है। अब तक सरकार सब्सिडी के करीब एक हजार करोड़ रुपये बचा चुकी है।उन्होंने कहा कि नैनो यूरिया धीरे-धीरे किसानों के बीच लोकप्रिय हो रही है। दूसरे देशों को भी निर्यात किया जा रहा है। इस दौरान इकाई प्रमुख राकेश पुरी, वरिष्ठ महाप्रबंधक एससी गुप्ता, महाप्रबंधक वेंकट एसके, पीवीके शास्त्री, प्रदीप शर्मा, सत्यजीत प्रधान आदि मौजूद रहे।