बरेली। नगर आयुक्त के स्टेनो के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और एससीएसटी एक्ट के तहत बारादरी थाने में रिपोर्ट कराई गई है। पीड़ित ने नौकरी के नाम पर साढ़े चार लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है।
रामपुर में सिविल लाइंस थाने के गांव अजीतपुर निवासी शिवनाथ सागर ने नगर आयुक्त के स्टेनो मुनीश कुमार के खिलाफ रिपोर्ट कराई है। शिवनाथ के मुताबिक वह पहले बरेली में रहते थे। तब 2016 में नगर निगम में सफाईकर्मी की भर्तियां निकली थीं। मुनीश उनके परिचित थे। कहा कि वह कितने भी लोगों को भर्ती करा सकते हैं। उनके नगर आयुक्त शीलधर यादव से सीधे संबंध हैं। हर व्यक्ति की भर्ती के लिए डेढ़ लाख रुपये तत्काल और एक लाख रुपये नियुक्त पत्र के बाद देने होंगे। इस पर शिवनाथ ने अपने पड़ोसी अरविंद सैनी, साले सुमित और अपने समेत तीन लोगों की भर्ती के लिए साढ़े चार लाख रुपये मुनीश को दे दिए। बाद में भर्तियां रद्द हो गईं। मुनीश उन्हें लंबे समय तक नौकरी लगवाने का आश्वासन देते रहे लेकिन न रकम लौटाई और न ही नौकरी मिली। 12 दिसंबर को वह नगर निगम कॉलोनी स्थित मुनीश के घर गए तो उन्होंने साफ कह दिया कि कोई रुपया नहीं देंगे। उन्हें जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया और घर से निकाल दिया। बारादरी पुलिस ने रिपोर्ट लिखकर विवेचना शुरू कर दी है।