बरेली। वार्ड नंबर 29 रहपुरा चौधरी के वाशिंदों ने मंगलवार को स्थानीय पार्षद का घेराव कर दिया। उनका आरोप था कि पिछले दो सालों से स्थानीय नाला और नालियां पूरी तरह जाम हैं। कच्ची गलियों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्षद कई बार आश्वासन तो दे चुके हैं, लेकिन सफाई एक बार भी नहीं कराई गई है। उनका यह भी कहना है कि विकास के नाम पर इस क्षेत्र में पिछले दो सालों से एक ईंट भी नहीं लगी है। इससे क्षेत्र के लोग नारकीय जिंदगी जीने को मजबूर हैं।
उधर, इस बाबत पूछे जाने पर स्थानीय पार्षद आशिक अहमद ने बताया कि उन्हें मंगलवार को स्थानीय लोगों ने घेर लिया। उनकी शिकायत थी कि क्षेत्र की नालियां और नाले आदि जाम हैं। पानी ओवर फ्लो होकर गलियों और मुख्य सड़क पर बह रहा है। कई गलियां और सड़कें कच्ची हैं, जिसके चलते यहां पानी भरने से लोगों का निकलना तक दुश्वार हो गया है।
बताया कि इस बाबत कई बार निगम के आला अधिकारियों से शिकायत भी की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। बताया कि निगम में काम भी नहीं निकाले जा रहे हैं, जिसके चलते उनके क्षेत्र का विकास नहीं हो पा रहा है। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर स्थानीय लोगों को जल्द से जल्द कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।