बरेली। नगर निगम प्रवर्तन दल के कमांडो ने अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को टीम ने सिविल लाइंस क्षेत्र में विभिन्न शोरूम के बाहर लगाए गए अवैध होर्डिंग और सजावटी गेट जब्त कर लिए। इस दौरान कुछ व्यापारियों ने विरोध किया तो टीम ने सख्ती भी दिखाई।
नगर निगम में बने प्रवर्तन दल के कमांडो को चार टुकड़ियों में बांटा गया है। एक टुकड़ी को सड़क किनारे अवैध होर्डिंग, शोरूम के बाहर लगे गेट, बोर्ड आदि हटाने की जिम्मेदारी दी गई है। इस टीम ने मंगलवार को पटेल चौक से चौकी चौराहे के बीच शोरूमों के आगे से अतिक्रमण हटाया। दुकानदारों को हिदायत देकर उनका सामान अंदर कराया। सड़क किनारे लगे होर्डिंग एवं गेट जब्त कर लिए। इस दौरान कुछ व्यापारियों ने विरोध करने की कोशिश की लेकिन टीम ने सख्ती दिखाकर उन्हें शांत करा दिया। हिंद सिनेमा के पीछे कार बाजार में भी टीम ने कार्रवाई की। सड़क किनारे कारों की मरम्मत करने वाले मैकेनिकों को अतिक्रमण न करने की हिदायत दी।