बरेली। शिकायत चाहे कहीं की जाए, नगर निगम के काम करने का अपना अलग ही तरीका है। सिटी स्टेशन के सामने नाले पर अतिक्रमण की शिकायत को ही ले लीजिए। शिकायतकर्ता ने कहा था कि नाले पर अतिक्रमण हुआ है, जबकि नगर निगम के अफसरों ने वहां सफाई कराने का हवाला देकर इसका निस्तारण भी कर दिया। अब मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायतों का निस्तारण ऐसा है, तो बाकी का हाल क्या होगा.. आसानी से समझा जा सकता है।
जागर संस्था के सचिव डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया, उन्होंने 24 सितंबर को सिटी रेलवे स्टेशन के सामने नाले पर दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण की शिकायत की थी। कहा था कि इसकी वजह से जलनिकासी बाधित रहती है और ट्रेन आने पर अतिक्रमण के चलते जाम लगता है। मगर निगम अफसरों ने अतिक्रमण हटाने के बजाय यहां सफाई कराने का हवाला देते हुए शिकायत को निस्तारित कर दिया है। डॉ. प्रदीप का कहना है कि निगम अफसरों ने मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल तक का मजाक बना दिया है।