बरेली। कुतुबखाना सब्जी मंडी के फड़ व्यापारियों से तहबाजारी वसूलने का मामला सुलझ नहीं पा रहा है। सोमवार को कुतुबखाना सब्जी मंडी के तमाम फड़ वाले और दुकानदार मेयर उमेश गौतम से मिलने नगर निगम पहुंचे। वहां सुलह समझौता की बात को लेकर दुकानदार और फड़ व्यापारी आपस में ही भिड़ गए। इस पर मेयर ने बाद में समझौता कराने की बात कहकर दोनों को बाहर कर दिया।
पिछले महीने कुतुबखाना सब्जीमंडी के फड़ दुकानदारों से तहबाजारी वसूली को लेकर नगर निगम ने ठेके की व्यवस्था की थी। इस पर तहबाजारी की दरों को लेकर विरोध शुरू हो गया। जैसे-तैसे विवाद उलझा लेकिन अब कुतुबखाना सब्जीमंडी के दुकानदारों का मामला गरमा गया है। फड़ वालों का कहना है कि दुकानदार अपनी दुकान के आगे फड़ की तरह जगह घेरते हैं, उनसे भी फड़ का किराया वसूला जाएगा। ठकेदार भी ऐसा ही चाहते हैं। इसको लेकर सोमवार को दोनों पक्ष नगर निगम पहुंचे। वहां दुकानदारों से फड़ के आगे की जगह की तहबाजारी वसूलने की बात शुरू हुई तो दुकानदार और फड़ वालों में विवाद होने लगा। हंगामा बढ़ा तो मेयर ने बाद में समझौता कराने की बात कहकर दोनों पक्षों को बाहर कर दिया।