बरेली। इज्जतनगर रेलवे स्टेशन के सामने चार अवैध स्टैंड संचालित हो रहे हैं। एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार ने नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. को पत्र लिखकर निगमकर्मियों की मिलीभगत से इन्हें संचालित कराने का आरोप लगाया है। इस पर नगर आयुक्त ने टीम को मौके पर भेजा लेकिन टीम बदमाशों की दहशत बताकर लौट आई। अब नगर निगम ने डीएम और एसएसपी को पत्र लिखकर अवैध स्टैंड हटाने के लिए मजिस्ट्रेट और फोर्स देने की मांग की है।
लंबे समय से इज्जतनगर स्टेशन के सामने चार अवैध स्टैंड चल रहे हैं। इसमें दो स्टैंड स्टेशन के सामने और दो दाएं-बाएं स्थित हैं। इनकी वजह से यहां ट्रैफिक भी प्रभावित होता है। मगर आज तक इन्हें हटवाया नहीं जा सका। इसकी वजह इनके संचालन में बदमाशों की संलिप्तता है। ट्रैफिक में आवागमन की दिक्कत को देख एसपी ट्रैफिक ने निगमकर्मियों की संलिप्तता और अवैध वसूली का हवाला देकर नगर आयुक्त को पत्र लिखकर इन्हें हटवाने को कहा। नगर आयुक्त के निर्देश पर मंगलवार को निगम टीम मौके पर पहुंची और बिना कार्रवाई किए ही लौट आई। टीम ने नगर निगम पहुंचकर स्टैंड संचालन में बदमाशों का हाथ बताकर कार्रवाई से हाथ खड़े कर लिए। इसके बाद मामला नगर आयुक्त और अपर नगर आयुक्त के संज्ञान में लाया गया। उन्होंने डीएम और एसएसपी को पत्र लिखकर मजिस्ट्रेट और फोर्स लेकर स्टैंड हटवाने के निर्देश दिए हैं।
हो चुके हैं तीन मर्डर
इज्जतनगर रेलवे स्टेशन के सामने स्थित यह स्टैंड बदमाशों के बीच गैंगवार का कारण बन चुके हैं। पूर्व में शेरू यादव और धर्मेंद्र उर्फ डीके समेत तीन हत्याएं हो चुकी हैं। कई बार मारपीट और फायरिंग हुई। इसके अलावा एक बार पुलिस पर भी हमला हो चुका है। इसके चलते ही अधिकारी इन स्टैंड को हटवाने की हिम्मत नहीं जुटा पाते हैं।