बरेली। स्कूल के आसपास गंदगी और बदबू से परेशान बच्चों ने मेयर उमेश गौतम को चिट्ठी लिखकर सफाई कराने की मांग की है। मेयर ने भी बच्चों के पत्र को गंभीरता से लेते हुए निगम के स्वास्थ्य विभाग को तत्काल सफाई कर अवगत कराने के निर्देश दिए हैं।
सेंट फ्रांसिस स्कूल के हेड बॉय अशोक मल्होत्रा की ओर से मेयर को भेजे पत्र में लिखा है कि स्कूल की सड़क पर अराजकता का माहौल है। नाला सफाई की गंदगी और कूड़ा सड़क किनारे बिखरा पड़ा है। इसके चलते उन लोगों को गंदगी के बीच से गुजरना पड़ता है। इस गंदगी से उन लोगों के स्वास्थ्य को खतरा पैदा हो गया है। इस पत्र के पीछे ही सौ अन्य छात्र-छात्राओं के हस्ताक्षर भी हैं। सोमवार को यह पत्र मेयर उमेश गौतम के समक्ष पहुंचा तो उन्होंने गंभीरता से लेते हुए नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि व्यवस्था दुरुस्त कर, उन्हें इससे अवगत भी कराया जाए।