बरेली। जलकल विभाग की लापरवाही से पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कें अब मुसीबत बनने लगी हैं। शनिवार रात श्यामगंज से गुड़मंडी जाने वाली सड़क पर पाइपलाइन के गड्ढे में फिर एक डीसीएम फंस गई। काफी देर तक मशक्कत के बाद क्रेन मंगाकर डीसीएम को निकलवाया गया। इससे दो दिन पहले श्यामगंज में फलमंडी के आगे एक ट्रक फंस गया था। बता दें कि श्यामगंज क्षेत्र में पानी की पाइपलाइन बिछाने के लिए जलकल विभाग ने शाहजहांपुर रोड, फलमंडी रोड, गुड़मंडी रोड, श्यामगंज पुल के नीचे समेत तमाम सड़कें खोदी थीं। यहां पर पाइपलाइन डालने के बाद भी जलनिगम ने पैचवर्क कराने के बजाय मिट्टी डालकर छोड़ दी है। इसके चलते बरसात में मिट्टी धंसने से उसमें वाहन फंस रहे हैं।