बरेली। नगर निगम टैक्स जमा करने के लिए एक बार फिर कैशलेस मुहिम को बढ़ावा देने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए बुधवार को नगर निगम परिसर में कैंप लगाया जाएगा, जहां 50 हजार रुपये तक का टैक्स डिजिटल तरीके से जमा किया जा सकेगा।
मोदी सरकार नोटबंदी के बाद से ही कैशलेस को लगातार बढ़ावा दे रही है। पिछले साल नगर निगम में तत्कालीन नगर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव ने लोगों को ऑनलाइन टैक्स जमा करने की सहूलियत दी थी। इसके लिए एक निजी बैंक से करार करके हैंडहेल्ड मशीनें मंगवाई गई थीं। मगर उनके जाने के बाद प्रक्रिया ठंडे बस्ते में पड़ गई। अब एक बार फिर कैशलेस मुहिम को बढ़ावा देने की तैयारी है। इसके लिए बुधवार को नगर निगम में टैक्स जमा करने के लिए कैंप लगाया जा रहा है। यहां पर लोग क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड के जरिये टैक्स जमा कर सकेंगे। साथ ही निगम के टैक्स कलक्टरों को यह मशीनें दी जाएंगी ताकि वे डोर-टू-डोर जाकर भी नकद के बाद डिजिटल तरीके से टैक्स जमा कर सकें। उपभोक्ता की आईडी डालने के बाद टैक्स बिल भी मौके पर ही बनाया जा सकेगा। मशीन और कार्ड के जरिये 50 हजार तक का ही टैक्स जमा हो सकेगा। इससे ज्यादा टैक्स नगद, चेक या ऑनलाइन ट्रांसफर करके जमा होगा।