बरेली। बीडीए कालोनी तुलाशेरपुर में शनिवार को पतली बल्लियां लगाकर कटान रोकने की कोशिश करने वाले नगर निगम अफसरों को रविवार को समझ आ गई। अब यहां पर मिट्टी से भरे कट्टे लगाकर नाले और सड़क का कटान रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
बता दें कि छोटी विहार बार्ड की बीडीए कालोनी तुलाशेरपुर से गुजरने वाले नाले का एक बड़ा हिस्सा और आधी सड़क बृहस्पतिवार रात भारी बारिश के कट गई। पास ही खड़े दो पेड़ और एक बिजली का पोल भी धराशायी हो गया। शहर की एक बड़ी आबादी का पानी इन नाले से गुजरने के चलते यहां पानी का बहाव ज्यादा है। ऐसे में सड़क का कटान होने से आसपास के लोग दहशत में आ गए कि कहीं बारिश में उनके मकान भी इसकी चपेट में न आ जाएं। मगर निगम अफसरों ने मामले को गंभीरता से न लेकर शनिवार को यहां सिर्फ रास्ता बंद किया था। अमर उजाला ने इस लापरवाही को उजागर किया तो रविवार को यहां मिट्टी से भरे कट्टे लगाकर नाला और सड़क का कटान रोकने का प्रयास शुरू कर दिया गया है।