बरेली। साइबर ठगों ने वीर सावरकर नगर निवासी कल्पना गुप्ता के खाते से 80 हजार रुपये उड़ा दिए। कल्पना गुप्ता ने बताया कि 26 जनवरी को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम करन बताया। कहा कि ऑनलाइन शॉपिंग एप से आपने जो सामान खरीदा था, उसके दो हजार रुपये वापस होने हैं। कॉलर ने उनसे अपने मोबाइल में प्ले स्टोर पर जाकर रस्ट डेस्क नाम का एप डाउनलोड करने को कहा। उस एप में कई जगह क्लिक करने को कहा। बाद में उनके मोबाइल की स्क्रीन कैप्चर कर तीन दिनों में उनके खाते से 80 हजार रुपये उड़ा दिए। वह शनिवार को बैंक गईं तो धोखाधड़ी का पता चला। उन्होंने बैंक से स्टेटमेंट निकलवाया और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
ये बरतें सावधानी
किसी को आधार कार्ड या पैनकार्ड न भेजें।
नए लिंक पर क्लिक न करें।
किसी ऑफर या इनाम के झांसे में न आएं।
किसी को ओटीपी न बताएं, बैंक संबंधी डिटेल न दें।
वीडियो कॉल पर न्यूड वीडियो बनाकर ठगी के मामले बढ़े हैं, इनसे सावधान रहें।
फिजूल के एप डाउनलोड करने से बचें।
ठगी होते ही टोल फ्री नंबर 1930 पर कॉल करें।
ठगी की शिकायत को cybercrime.gov.in पर मेल कर सकते हैं।
लालच में गंवाए 30 हजार, अब कार्रवाई की मांग
बरेली। प्रेमनगर थाने के गुलाबनगर निवासी संजय सक्सेना ने 15 हजार रुपये के लालच में 30 हजार रुपये गवां दिए। उनके मोबाइल फोन पर एक फरवरी की शाम आठ बजे कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद का नाम प्रशांत बताया और कहा कि वह उनके खाते में 45 हजार रुपये डालेगा। इसमें से 30 हजार रुपये वह दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दें। उन्होंने खाता नंबर बताया और कुछ ही मिनट में 45 हजार रुपये उनके खाते में आ गए। इसके बाद उन्होंने 30 हजार रुपये कॉल करने वाले द्वारा बताए गए सूरज प्रकाश को पेटीएम किए। आरोप है कि इसके बाद उनके खाते से भी 30 हजार रुपये साफ हो गए। संजय सक्सेना ने अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। संवाद