बरेली। इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी में शनिवार को यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 के उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें देश को विकास की ओर बढ़ाने के लिए युवाओं का आह्वान किया गया। 10 फरवरी को लखनऊ में होने वाले समिट की जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि व हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एसके सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था में सुधार से निवेश बढ़ रहा है। निवेश और उद्यमिता में प्रदेश नंबर वन बनने की ओर अग्रसर है। यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 उसी की एक मजबूत कड़ी है। उन्होंने 10 फरवरी को लखनऊ में होने वाले समिट में शामिल होने के लिए युवाओं को आमंत्रित किया।
विशेष सचिव आईएएस देवेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि प्रदेश को विकसित और एक ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए प्रयास करने होंगे। कुलपति वाईडीएस आर्या ने कहा कि उन्मुखीकरण कार्यक्रम युवाओं के लिए बहुत उपयोगी है। प्रोफेसर एसके सिंह ने बजट को भी सराहा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संदेश का वीडियो प्रदर्शित किया गया।
संयुक्त सचिव उद्योग ऋषि रंजन गोयल, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी संध्या रानी, सीडीओ जग प्रवेश, जिला सूचना अधिकारी वाईपी सिंह, कुलसचिव संतोष कुमार, डीन अकादमिक प्रो. आरके शुक्ला, मनीष गुप्ता, पीपी सिंह, कुलानुशासक प्रो. कमलेश कुमार दुबे, डॉ. रुबीना वर्मा आदि मौजूद रहीं।