भाजपा से मेयर प्रत्याशी उमेश गौतम ने कहा कि उन्हें टिकट दिलाने में वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल, केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार समेत भाजपा के विधायकों और पार्टी संगठन के पदाधिकारियों का अहम योगदान है। चुनाव में उनका मुकाबला दो बार के असफल मेयर डॉ. आईएस तोमर से है। उन्होंने सिर्फ अपनी हेकड़ी के लिए सोचा, शहर के बारे में न कुछ सोचा और न ही कुछ किया।
भाजपा से टिकट मिलने के बाद रेलवे स्टेशन स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में उमेश गौतम ने कहा कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट चलाने का रास्ता था लेकिन डॉ. तोमर ने अपनी नाकामी छिपाने के लिए प्लांट नहीं चलवाया। शहर को गंदगी और पिछड़ेपन की ओर धकेल दिया। उन्होंने जनता को कुछ देने के बजाय टैक्स बढ़ाकर हमेशा लेने की कोशिश की। सिविल लाइंस में बिना सीवर लाइन बिछाए लोगों से सीवर टैक्स लिया गया। बोले, अगर शहर की जनता ने हमें मेयर चुना तो इस मामले की जांच कराएंगे। डॉ. तोमर पर सीधा हमला करते हुए उमेश गौतम ने कहा कि वह अपने अस्पताल में इलाज कराने वाले शहरवासियों को पांच प्रतिशत तक की छूट नहीं देते जबकि मिशन अस्पताल में शहर का कोई नागरिक इलाज कराने आता है तो उसे इलाज और दवाइयों पर 50 प्रतिशत तक की छूट दी जाती हैं। भाजपा प्रत्याशी ने मेयर चुने जाने पर अपनी प्राथमिकताएं भी गिनाईं। कहा, जनता ने उन्हें मेयर चुना तो आठ बिंदुओं पर काम कराना प्राथमिकता होगी।
1- पहली बोर्ड की बैठक में हाउस टैक्स कम करेंगे।
2- बरेली को स्मार्ट सिटी में शामिल कराने के लिए तीन महीने में कमियां दूर करेंगे।
3- सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट नई जगह पर नई तकनीक से एक साल के अंदर चलवाएंगे।
4- तीन माह में जनता को जाम से मुक्ति दिलाएंगे।
5- चौराहों पर मल्टीलेबल पार्किंग बनाने के लिए पहली बोर्ड बैठक में बजट पास करेंगे।
6- फड़ और ठेले वालों को व्यवसाय के लिए शहर में खाली जगह दिलाएंगे।
7- पुरानी लाइटों को हटाकर नई एलईडी लाइटें एक साल के अंदर लगवाएंगे।
8- छह माह के अंदर चौराहों, अस्पताल, होटल, अस्पतालों में सीसीटीवी कैमरे लगवाएंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान ये रहे मौजूद
शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार, भाजपा ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष हर्षवर्धन आर्य, रामगोपाल मिश्र, महामंत्री दुर्विजय सिंह शाक्य, उमेश कठेरिया, संजीव अग्रवाल, चुनाव प्रभारी राकेश गुप्ता, यतिन भाटिया आदि।