शहर के मंदिरों में होंगे विशेष कार्यक्रम
22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर के लोकार्पण के अवसर पर शहर के मंदिरों में भी विविध कार्यक्रम होंगे। नाथ मंदिरों में अभी से इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। कहीं भजन-कीर्तन होंगे तो कहीं रामचरित मानस की चौपाइयां गूंजेंगी। व्यापारी व आम शहरी इस दिन दिवाली मनाएंगे।
वनखंडीनाथ मंदिर में जलेंगे 5,100 दीप
जोगी नवादा स्थित श्री वनखंडीनाथ मंदिर के संरक्षक हरि ओम राठौर ने बताया कि 22 जनवरी को हवन-पूजन होगा और दिवाली मनाई जाएगी। शाम को 5100 दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। शाम सात बजे से घर-घर प्रसाद पहुंचाया जाएगा। रात आठ बजे से आतिशबाजी होगी। मंदिर की गोशाला की गायों को तिलक लगाकर माला पहनाया जाएगा।