फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसान को मारकर लाश पेड़ पर लटकाई

Sun, 19 Jul 2015 01:45 AM IST
बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
भोजीपुरा। फसल की रखवाली करने गए किसान की गला दबाकर हत्या करने के बाद आत्महत्या का रूप देने को शव पेड़ पर फंदे पर लटका दिया। पुलिस ने शव बरामद किया तो किसान के नाजुक अंग और शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले। पोस्टमार्टम में भी गला दबाकर हत्या किए जाने और नाजुक अंग व शरीर पर सात जगह चोटों की पुष्टि हुई है। एसओ का कहना है कि शराब पीने के दौरान हुए झगड़े में किसान की पीटने के बाद गला दबाकर हत्या करने की बात सामने आ रही है।  
विज्ञापन

थाना क्षेत्र के गांव रमैयापुर निवासी किसान करन सिंह शुक्रवार रात आठ बजे खाना खाकर धान की तैयार पौध की रखवाली करने घर से निकले थे। रात को जब वह नहीं लौटे तो घरवाले समझे कि वह खेत पर ही सो गए होंगे। शनिवार सुबह भी न आने पर करन सिंह का भतीजा नेतराम उन्हें देखने खेत पर गया। वहां वे नहीं मिले। इस पर वह उनके उड़द वाले खेत पर पहुंचा। यहां मेड़ पर लगे पापुलर के पेड़ से करन सिंह का शव लटका हुआ था। उसी के तहमद का फंदा गले और पेड़ में बंधा था। शोर मचाकर नेतराम ने ग्रामीणों को बुला लिया। सूचना पर एसओ सत्येंद्र यादव और बरेली से फील्ड यूनिट टीम पहुंच गई। छानबीन में पता चला कि किसान का गला दबाकर हत्या की गई है। हत्या से पहले उसकी बेरहमी से पिटाई भी की गई और उसका नाजुक अंग भी दबाकर चोटिल किया गया। पोस्टमार्टम में भी किसान की गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। उसके शरीर पर सात चोट के निशान पाए गए और नाजुक अंग भी जख्म के निशान मिले। पैर की सीधी अंगुली से भी खून बहता पाया गया। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। फिर भी पुलिस छानबीन कर रही है। घरवालों ने भी अभी कोई तहरीर नहीं दी है और न ही किसी पर रंजिश का शक जताया है। करन सिंह के परिवार में पत्नी ओमा देवी और दो बेटियां कविता तथा सविता हैं। बड़ी बेटी ममता की तीन साल पहले बरेली के मढ़ीनाथ मोहल्ले में शादी हो चुकी है, अभी एक बेटी अविवाहित है।
00
दूर पड़ी मिला अंगोछा और चप्पलें
जांच में पाया गया कि मृतक के गले में जो फंदा लगा था उसमें कम या ज्यादा करने वाली गांठ की बजाय स्थाई गांठ लगाई गई थी। यानि कि मारने के बाद ही फंदा गले में बांधा गया। इसके अलावा हत्यारे एक या दो ही थे जो आत्महत्या दिखाने की कोशिश के बावजूद शव को न तो टांग पाये और न ही पेड़ के समानांतर खड़ा कर सके। मृतक की चप्पल और अंगोछा थोड़ी दूर पर मिला।  
विज्ञापन

00
भाई ने कहा, कहीं पौध चोरों ने तो नहीं की हत्या
भाई नन्हे सिंह ने बताया कि करन सिंह के खेत में धान की पौध लगाने को तैयार पड़ी है। करन सिंह ने घर पर बताया था कि बृहस्पतिवार रात जब वे खेत में थे तो कुछ चोर पौध चुराने आए। उन्होंने शोर मचाया तो चोरों को भागना पड़ा। इसी पौध की रखवाली को वे शुक्रवार रात दोबारा खेत पर गए। संभव है कि उन्हीं चोरों ने ये घटना की हो। भाई की किसी से रंजिश नहीं थी।
00
वर्जन
अभी मृतक के घरवालों ने तहरीर नहीं दी है। जो भी तहरीर मिलेगी उसके मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी। हत्या की ठोस वजह पता नहीं लग सकी। करन सिंह की शराब पीने की आदत के बारे में जरूर लोगों ने बताया। संभव है कि किसी के साथ शराब पीते वक्त झगड़ा हुआ हो और उसने हत्या कर दी हो। हर पहलू पर जांच की जा रही है। - सत्येंद्र यादव, एसओ भोजीपुरा
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें