बरेली। इत्तेहाद मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) ने फरीदा बेगम हत्याकांड का खुलासा दो दिन में करने की मांग की है। आईएमसी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. नफीस की साली फरीदा बेगम की मंगलवार शाम हत्या कर दी गई थी।
थाना प्रेमनगर पुलिस ने मृतका के दत्तक पुत्र अफशय खान उर्फ लकी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपार्ट दर्ज की थी। लेकिन अब तक हत्याकांड का खुलासा नहीं हो सका है। फरीदा बेगम कोहाड़ापीर स्थित घर में अकेली रहती थीं। उनका दत्तक पुत्र अफशय उर्फ लकी अपनी पत्नी के साथ लल्ला मार्केट में रहता है। मंगलवार को शाम पांच बजे अफशय फरीदा को चाय देने के बाद शाम पौने सात बजे खाना देने आया तो उनका शव रसोई के बाहर औंधे मुंह पड़ा था। सिर पर प्रहार कर उनकी हत्या की गई।
शुक्रवार को आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान के आवास पर बैठक में हत्याकांड का खुलासा न होने पर चिंता जाहिर की गई। मौलाना तौकीर रजा खान ने कहा कि उम्मीद है, जांच कर रहे पुलिस अधिकारी दो दिन में हत्याकांड का खुलासा कर देंगे। ऐसा न होने पर दिल्ली और झारखंड के कार्यक्रमों के बाद वह बरेली लौटने पर उच्च अधिकारियों से मिलकर इस संबंध में बात करेंगे। बैठक में नदीम खान, मुनीर इदरीसी, अफजाल बेग, मुफ्ती एहसानुल हक, जावेद खान, मुदस्सर मिर्जा, सलीम खान, साजिद सकलैनी, रिजवान अंसारी आदि मौजूद रहे।