तिलहर (शाहजहांपुर)। बरेली निवासी एमआर हरभगत सिंह और उसकी महिला दोस्त की मौत दुर्घटना में नहीं हुई थी, बल्कि ट्रक की टक्कर मारकर दोनों की हत्या की गई थी। पुलिस ने वारदात का खुलासा करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। ट्रक चालक महिला का पूर्व प्रेमी निकला।
पिछले शुक्रवार को नेशनल हाईवे पर तिलहर इलाके में गांव धनेली के समीप बाइक पर जा रहे बरेली निवासी एमआर (मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव) हरभगत सिंह और उसकी महिला दोस्त की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई थी। पुलिस ने हादसे की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जांच शुरू की तो ट्रक पर नंबर कानपुर का था। जबकि उसका चालक ट्रक की टक्कर से मरी महिला के पड़ोस के गांव केशीनगला का निकला। पुलिस ने ट्रक चालक विश्राम यादव को हिरासत में लेने के बाद पूछताछ की। तब विश्राम ने बताया कि दुर्घटना में मरी महिला से उसके एक साल पहले प्रेम संबंध थे। उसने बरेली के एक मंदिर में महिला से शादी कर ली थी। उसके चक्कर में विश्राम की एक बीघा जमीन बिक गई और तीन बीघा जमीन गिरवी पड़ी है। वह उसके चक्कर में बर्बाद हो गया। वह विश्राम की आधी जमीन और आधा मकान अपने नाम कराने पर अड़ी थी। उसने जमीन और मकान नाम कराने से मना किया तो दुष्कर्म के मामले में जेल भेजवाने की धमकी देने लगी। तभी उसने महिला को जान से मारने की योजना बना ली। उधर, उसके बरेली के एक व्यक्ति से नजदीकी संबंध हो गए। उसी के साथ घूमती रहती थी।
पुलिस के मुताबिक विश्राम महिला के संपर्क में बना रहता था। घटना वाले दिन वह महिला से फोन पर बात करता रहा, जिससे उसकी लोकेशन मिलती रही। उसने महिला से मिलने का वायदा किया और उसका ट्रक से पीछा शुरू कर दिया। मौका मिलते ही उसने ट्रक ऊपर चढ़ाकर महिला और उसके दोस्त की हत्या कर दी। पुलिस ने पूछताछ के बाद ट्रक चालक को जेल भेज दिया। कोतवाल जसवीर सिंह ने बताया कि तफ्तीश के आधार पर एक्सीडेंट का मुकदमा हत्या में तरमीम कर लिया गया है।