बरेली। दिल्ली में पीएमओ जाने की चेतावनी दे रहे सत्संगी परिवार से जुड़े लोगों ने मंगलवार को सीओ सिटी से मुलाकात की। कहा कि खुलासा न होने से वे लोग परेशान हैं। सीओ सिटी ने उन्हें जल्द खुलासे का आश्वासन दिया।
मृतक नीरज सत्संगी के भाई संजय, बेटा जतिन व परिवार के कुछ लोगों ने सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह से मुलाकात की। संजय ने बताया कि छह दिन बाद भी उनके भाई और भाभी की हत्या का खुलासा न होने से वे लोग मानसिक रूप से काफी परेशान हैं। सभी लोग दुबई व दूरदराज शहरों से आए हैं और अपना काम छोड़कर बरेली में सिर्फ सही खुलासे के लिए रुके हुए हैं। पुलिस लगातार उनसे मिलकर पूछताछ कर रही है पर अभी तक कोई अपडेट नहीं मिल रहा। खुलासा न होने पर वे एक-दो दिन में पीएमओ और होम मिनिस्ट्री जाने का विचार बना रहे हैं। सीओ ने उन्हें आश्वासन दिया कि पुलिस कुछ लाइनों पर काम कर रही है, एक-दो दिन में नतीजा निकलने की उम्मीद है। कुछ समय सब्र करें, तब ये लोग वापस लौट गए।
खुफिया अमले ने पूछी रणनीति
मृतक के भाई संजय के पीएमओ जाने की चेतावनी के बाद खुफिया अमला भी सक्रिय हो गया है। एक अधिकारी ने संजय को कॉल करके उनकी अगली रणनीति की जानकारी ली। पूछा कि आपका आगे क्या करने का प्लान है? संजय ने कहा कि अगर उन्हें स्थानीय स्तर पर न्याय नहीं मिलेगा तभी वे दिल्ली जाएंगे। इस पर उधर से कहा गया कि आप जो भी करें उसकी जानकारी पहले से देते रहें।