बरेली। बिहारीपुर निवासी मोहम्मद उमर की पत्नी 64 वर्षीय मुन्नी को मतदाता सूची में पुरुष दर्शाया गया है। बुजुर्ग और बीमार होने से वह बूथ तक नहीं आ सकीं। राजकीय इंटर कॉलेज स्थित बूथ पर पहुंचे बीएलए बिलाल शेख ने मामला उठाया। फॉर्म-8 भरकर बीएलओ के पास जमा किया।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत रविवार को आयोजित विशेष दिवस पर मतदाता खामियां सुधरवाने के लिए बूथों पर पहुंचते रहे। वोटर कार्ड में मिल रही खामियों से मतदान संबंधी अभिलेखों में दर्ज विवरण की शुद्धता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। राजकीय इंटर कॉलेज स्थित बूथ पर पहुंचे बिहारीपुर के शफी ने बताया कि मतदाता सूची में उनका नाम शफी दर्ज है, जबकि यह शफी अहमद होना चाहिए।
एसवी इंटर कॉलेज स्थित बूथ पर भी नाम, पता अधूरा या गलत दर्ज होने के मामले सामने आए। सिंह के स्थान पर सिंग, जॉन में जेओएचन की जगह जेएचओएन दर्ज करने समेत अन्य मात्रात्मक त्रुटियों के भी मामले थे। सभी मामलों में संशोधन के लिए फॉर्म भरकर जमा किए गए। वहीं, नावेद ने बताया कि उनकी उम्र हाईस्कूल की मार्कशीट में 38 साल है, लेकिन सूची में 42 दर्ज हो गई है। इसे ठीक कराने के लिए उन्होंने फाॅर्म भरा है।
मतदान केंद्र ही दर्ज नहीं
मलूकपुर निवासी जुबैद ने ड्राफ्ट सूची में रस्तोगी धर्मशाला स्थित मतदान केंद्र के दर्ज न होने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि जनवरी में प्रकाशित ड्राफ्ट सूची में केंद्र का नाम था। अप्रैल में जारी फाइनल सूची में मतदान केंद्र की संख्या है पर फोटो, मतदाता दूसरे दर्ज हैं। बीएलओ प्रवेश ने हार्डकॉपी और ऑनलाइन डाउनलोड कॉपी दिखाई तो सब दुरुस्त मिला। बताया कि अप्रैल की सूची में कई गड़बड़ियां थीं। नवंबर में नई ड्राफ्ट सूची प्रकाशित की गई है। इस आधार पर संक्षिप्त पुनरीक्षण चल रहा है। संदेह दूर होने पर जुबैद ने आभार जताया।
पहली बार मतदाता बनकर खुश हैं युवा
18 वर्ष की आयु पूरी होने पर पिता के साथ बूथ पर पहुंचकर वोट बनवाने के लिए आवेदन किया है। विधानसभा चुनाव में पहली बार मतदान करुंगी। इसकी मुझे खुशी है। - प्रज्ञा, बिहारीपुर
पिता का नाम हटवाने के लिए किया है आवेदन
पिता का निधन हो गया है। मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फॉर्म भरा है। बीएलओ से व्यक्तिगत मिलकर सभी जानकारियां उपलब्ध करा दी हैं। - रतनलाल, बिहारीपुर मेमरान
-
विशेष कैंप में आए 38,125 आवेदन, सबसे ज्यादा फॉर्म-छह
- नौ विधानसभा क्षेत्रों में 32,895 लोगों ने नए मतदाता बनने के लिए भरे फॉर्म
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान के तहत जिले के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों से 38,125 आवेदन आए। इनमें नए मतदाता बनने के लिए सबसे ज्यादा 32,895 लोगों ने फार्म-6 भरे।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, दोनों विशेष दिवस पर मतदाता सूची से नाम हटाने या आपत्ति दर्ज कराने के लिए 1,405 लोगों ने फाॅर्म-7 भरे। नाम-पता व अन्य विवरण में संशोधन के लिए 3,824 लोगों ने फाॅर्म-8 भरे। विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के पंजीकरण के लिए रविवार को एक आवेदन (फाॅर्म-6ए) मिला। 28 नवंबर को 17,406 फाॅर्म आए थे। 29 नवंबर को संख्या बढ़कर 20,719 पहुंच गई। फॉर्म भरने में नवाबगंज, भोजीपुरा, बहेड़ी आगे रहे।
विधानसभा क्षेत्रवार भरे गए फॉर्म
विधानसभा क्षेत्र फॉर्म-6 फाॅर्म-7 फाॅर्म-8 कुल
बहेड़ी 3,350 330 647 4,327
मीरगंज 3,374 223 523 4,120
भोजीपुरा 4,112 141 328 4,581
नवाबगंज 5,049 71 118 5,238
फरीदपुर 3,099 163 365 3,627
बिथरी चैनपुर 3,461 169 303 3,933
बरेली शहर 3,408 112 722 4,243
बरेली कैंट 3,233 127 657 4,017
आंवला 3,809 69 161 4,039
(नोट: आंकड़े जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार।)
वर्जन
मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और समावेशी बनाने के लिए अभियान चला। लिंग, नाम-पता समेत अन्य कॉलम में खामियों से संबंधित जो भी आवेदन मिले हैं, उसे दुरुस्त करवाकर अंतिम सूची तैयार होगी। बीएलओ को दस्तावेजों का मिलान कर सटीक जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। - संतोष कुमार सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी
-
सजगता से फॉर्म भरें बीएलओ, नाम-पता सही लिखें
बरेली। एक भी मतदाता न छूटे, एक भी नाम गलत न रहे... इसी संकल्प के साथ रविवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत विशेष दिवस का आयोजन किया गया। सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी (एसीईओ) अरविंद कुमार पांडेय ने मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर दिशा-निर्देश दिए।
बीबीएल इंटर कॉलेज, हफीज सिद्दीकी इंटर कॉलेज, सुशीला गिरीश बालिका इंटर कॉलेज के बूथों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसीईओ ने कहा कि जो लोग फॉर्म-6 भरकर आ रहे हैं, उसकी मौके पर ही जांच करा लें। नाम, पता, जन्मतिथि, दस्तावेजों के मिलान के बिना कोई भी फॉर्म जमा न करें। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। मतदाता सूची शुद्ध, त्रुटिरहित, समावेशी हो। यही लोकतंत्र की असली ताकत है। एक जनवरी 2027 को जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, वे अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं। यह निशुल्क है।
-
मतदाता सूची में जुड़वाया नवविवाहिता का नाम
बरेली। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान बूथों का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम अविनाश सिंह ने प्राथमिक विद्यालय भरतौल के बूथ संख्या सात पर नवविवाहिता दामिनी पटेल का नाम सूची में जुड़वाया। नया वोट बनवाने की प्रक्रिया पूरी कराने पर बीएलओ आनंद जायसवाल, ग्राम प्रधान प्रवेश के प्रयास को सराहा। इसके अलावा डीएम ने शहर समेत बिथरी चैनपुर के अन्य बूथों का भी निरीक्षण कर दिशा-निर्देश दिए। ब्यूरो
-
नए वोट के लिए आए 68 आवेदन
रिठौरा। नगर पंचायत रिठौरा में रविवार को विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत नए वोट बनवाने के लिए 68 प्राप्त हुए। 28 लोगों ने मतदाता सूची में संशोधन के लिए आवेदन किया। सुपरवाइजर दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी वर्षा गुप्ता, रामपाल, मोहित रस्तोगी, कुलदीप गंगवार, रामदास, खलील अहमद ने सहयोग किया। संवाद