गली-मोहल्लों में घरों तक सब्जियां पहुंचाने के लिए ठेले वालों को चिह्नित भी करेगा निगम
बरेली। लॉक डाउन लागू किए जाने के बावजूद शहर की सब्जी मंडियों में दो दिन तक लगातार सोशल डिस्टे ंसिंग की धज्जियां उड़ते देखने के बाद नगर निगम ने अब सख्त फैसला लेते हुए सब्जी मंडियों को आम लोगों के लिए बंद कर दिया है। एलन क्लब मंडी के साथ दूसरी मंडियों में भी अब सिर्फ थोक कारोबारी और फेरी लगाने वालों को सब्जी खरीद पाएंगे। अफसरों ने साफ किया है कि लोगों को अब फेरी वालों के जरिये उनके घर और मोहल्लों में ही सब्जी मिलेगी।
नगर निगम अधिकारियों की इस संबंध में बृहस्पतिवार को हुई एक बैठक में यह निर्णय लिया गया। दरअसल पिछले दो दिन मंडियों में जिस कदर सब्जियां खरीदने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ी थी, उससे लॉक डाउन का मकसद ही नाकाम होता नजर आ रहा था। सोशल डिस्टेंसिंग बनाए जाने के सरकार के निर्देशों के उलट मंडियों में भीषण भीड़भाड़ और धक्कामुक्की का माहौल था। बृहस्पतिवार को अमर उजाला के अंक में इस समस्या की ओर ध्यान दिलाने के बाद नगर निगम अधिकारियों ने सभी सब्जी मंडियों को आम लोगों के लिए बंद करने का फैसला लिया है।
तय हुआ है कि अब सिर्फ थोक विक्रेता और ठेले-फेरी वाले ही मंडी से सब्जियां खरीद पाएंगे। नगर निगम ने उन ठेले वालों को भी चिह्नित करना शुरू कर दिया है जो फेरी लगाकर गली-मोहल्लों में स ब्जियां पहुंचाएंगे। बृहस्पतिवार सुबह नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने अपर नगर आयुक्त श्यामलता आनंद और दूसरे अधिकारियों के साथ बैठक कर यह फैसला लिया। दोपहर को इस बारे में आदेश भी जारी कर दिया गया।
इन मंडियों पर लागू होगा कायदा
डेलापीर मंडी, नगर निगम मंडी, कुतुबखाना और किला मंडी। इसके अलावा दूसरी छोटी मंडियों को भी आम लोगों के लिए बंद रखने का आदेश दिया गया है।
मंडिया खुली रहेंगी लेकिन आम लोगों को यहां आकर सब्जी खरीदने की छूट नहीं दी जाएगी। इस पर पाबंदी लगाने के साथ ठेले और फेरी वालों को भी चिह्नित किया जा रहा है जो सीधे लोगों के घरों तक सब्जियां पहुंचाएंगे। - श्यामलता आनंद, अपर नगर आयुक्त नगर निगम