शिवकांत ने बैरियर वन चौकी पहुंचकर किया सरेंडर, सूजा बरामद
बरेली। इज्जतनगर के आलोकनगर में संपत्ति के विवाद में नगर निगम कर्मचारी ने साले के साथ मिलकर सगे छोटे भाई की सूजा घोंपकर हत्या कर दी। मंझले भाई ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई कराई है। आरोपी कर्मचारी ने बैरियर वन चौकी पहुंचकर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उससे सूजा भी बरामद कर लिया है।
आलोकनगर निवासी 20 वर्षीय अविनाश अविवाहित था और दिल्ली के रेस्टोरेंट में नौकरी करता था। लॉकडाउन में रेस्टोरेेंट बंद हो जाने पर वह घर आ गया था। बड़ा भाई शिवकांत नगर निगम में मृतक आश्रित कोटे से सफाई कर्मचारी है। शिवकांत पैतृक मकान को तुड़वाकर दोबारा बनवा रहा है, इसमें अविनाश के साथ ही बाकी भाइयों का भी हिस्सा है। शिवकांत दो लाख रुपये देकर अविनाश का हिस्सा लेना चाहता था, लेकिन अविनाश इसके लिए राजी नहीं हुआ। सोमवार रात इसे लेकर शिवकांत की अविनाश से कहासुनी भी हुई, लेकिन परिवार के लोगों के समझाने पर शिवकांत अपने कमरे में चला गया। आरोप है कि आधी रात के बाद अविनाश पर सूजे से ताबड़तोड़ हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया गया। अविनाश के मंझला भाई सुधीरकांत पड़ोसी की मदद से उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शिवकांत को जब अविनाश की मौत की खबर मिली तो उसने बैरियर वन चौकी पहुंचकर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। बकौल पुलिस, उसने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया और हत्या में प्रयुक्त सूजा भी बरामद करा दिया। सुधीर कांत ने मंगलवार को इज्जतनगर थाने में शिवकांत और उसके साले विक्की के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। बताया कि घटना के दौरान जब उसने अविनाश को बचाने की कोशिश की तो दोनों ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी।
योजना बनाकर की गई हत्या, कुछ और भी हैं आरोपी
सुधीरकांत ने बताया कि शिवकांत ने दो लाख रुपये देने का प्रस्ताव अविनाश के सामने रखा था, जिसे उसने नामंजूर कर दिया। इसके बावजूद शिवकांत ने मकान तुड़वा दिया और पास में किराये पर कमरा लेकर रहने लगा। शिवकांत नशे का आदी है। वह अकेले हत्या नहीं कर सकता है। कुछ दिन पहले उसने अपने दोनों सालों को भोजीपुरा से बुला लिया था। इसके बाद योजना बनाकर हत्या की गई। सुधीर ने आरोप लगाया कि शिवकांत की पत्नी और दूसरे साले का भी वारदात में हाथ है। उसने पहले तहरीर में चारों लोगों के नाम दिए थे, लेकिन पुलिस ने दो नाम हटवाकर दूसरी तहरीर ली।