बरेली। कामकाजी महिलाओं के लिए पीलीभीत बाइपास के निकट बिहारमान नगला में सीलिंग की जमीन पर नगर निगम हाॅस्टल बनवाएगा। प्रस्तावित जमीन पर निर्माण के लिए जिलाधिकारी शासन को प्रस्ताव भेजेंगे। निर्माण पूरा होने के बाद यहां सौ महिलाएं एक छत के नीचे रह सकेंगी। इन्हें बुनियादी सुविधाएं भी मिलेंगी। हाॅस्टल बनाने का प्रस्ताव कई महीने पहले बना था। जल निगम की कंस्ट्रक्शन एवं डिजाइन डिवीजन ने एस्टीमेट तैयार किया और जमीन का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद एस्टीमेट के साथ अपनी रिपोर्ट नगर आयुक्त को सौंप दी थी। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को बैठक हुई।
डीएम अविनाश सिंह ने बृहस्पतिवार को प्रस्तावित जमीन पर हाॅस्टल के लिए सहमति दी तो प्रस्ताव आगे बढ़ गया। अब मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना में शासन की मंजूरी और बजट जारी होने का इंतजार है। ब्यूरो