साप्ताहिक बाजार हटवाकर सड़क को कराया कब्जामुक्त
कुतुबखाना में बृहस्पतिवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार पर फिर नगर निगम की टीम ने कार्रवाई की। कुतुबखाना, सिविल लाइंस और किला रोड पर सुबह आठ बजे से ही बाजार लगना शुरू हुआ। सुबह 11 बजे निगम की टीम मौके पर पहुंची तो खलबली मच गई। बाजार खाली होने लगा। इस दौरान टीम ने दुकानों के काउंटर और अन्य सामान को जब्त कर लिया।
आरआई सच्चिदानंद के मुताबिक अपराह्न दो बजे तक अभियान चलाकर करीब सात हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। दोबारा बाजार लगाने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। साप्ताहिक बाजारों पर कार्रवाई के बाद नगर निगम कई बार संबंधित थाना पुलिस को पत्र भेज चुका है। खुद एसपी ट्रैफिक अकमल खां भी अभियान चला चुके हैं। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं रुक रहा है।
अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम की टीम पर भड़के व्यापारी
अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम की टीम पर बृहस्पतिवार को व्यापारी भड़क गए। संजयनगर के क्षेत्रवासियों के साथ नगर निगम पहुंचकर महापौर उमेश गौतम से मुलाकात की और उत्पीड़न का आरोप लगाया। बोले- क्या हम दुकानें बंद कर दें? निगम हमारी हद बता दे, हम वहीं तक दुकान लगाएंगे। रोज अभद्रता व उत्पीड़न न करें।
राष्ट्र जागरण उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजकुमार राजपूत व महानगर अध्यक्ष विशाल मेहरोत्रा की अगुवाई में व्यापारियों ने महापौर को ज्ञापन दिया। कहा कि संगठन की संजयनगर इकाई ने शिकायत की है कि नगर निगम की टीम आए दिन व्यापारियों का उत्पीड़न कर रही है। बेवजह चालान काटती है, जबकि 40 फुट चौड़ी सड़क है और बस-ट्रक का आवागमन आसानी से हो जाता है। दूसरी जगह का अतिक्रमण टीम को दिखाई नहीं देता। उन्होंने इस पर रोक लगाने की मांग की।
महापौर ने कहा कि अतिक्रमण अगर नियमों के हिसाब से हटवाया जा रहा है तो ठीक है, अन्यथा व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किस कर्मचारी ने व्यापारियों से अभद्रता की है, इसको दिखवा रहे हैं।