बरेली। शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए नगर निगम ने ठेकेदारों को अपने वाहन तो सौंप दिए हैं, लेकिन उन पर निगरानी रखने के लिए निगम के पास संसाधन नहीं हैं। पुरानी गाड़ियों में लगे जीपीएस खराब हैं। गाड़ियां किस रास्ते पर जा रही हैं और कहां चलाई जा रही हैं, इसकी पूरी छूट ठेकेदारों और उनके कर्मचारियों को दे दी गई है।
10 नवंबर की सुबह टहलने निकले कारोबारी विनय गुप्ता को निगम की एक कूड़ा गाड़ी ने कुचल दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी। जांच में सामने आया कि जिस गाड़ी से यह हादसा हुआ, वह आयुषी एजेंसी की थी। हादसे के बाद निगम की ओर से एजेंसी को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है कि निगम क्षेत्र न होने के बावजूद चालक वहां गाड़ी लेकर क्यों गया था और उस वक्त वाहन कौन चला रहा था। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।
n पहले भी हो चुकी है घटना ः मई 2025 में नगर निगम की टीम की लापरवाही के कारण नाले की सिल्ट के नीचे दबकर युवक की मौत हो गई थी। बारादरी थाना क्षेत्र में सड़क किनारे सो रहे सब्जी विक्रेता सुनील कुमार प्रजापति (45 वर्ष) के ऊपर ट्रैक्टर-ट्रॉली से नाले का मलबा पलट दिया गया था। स्थानीय निकाय सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि इस मामले में भी ठेकेदार पर ही कार्रवाई की गई थी।
कैंट में हुई घटना के बाद संबंधित एजेंसी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। कैंट निगम के क्षेत्र में नहीं आता। गाड़ी वहां क्यों गई, इसकी भी जांच कराई जा रही है। - संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त