बरेली कॉलेज में मॉडल पेपर के पन्ने फाड़कर लाए थे दो परीक्षार्थी
बरेली। बरेली कॉलेज में एलएलबी द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान उड़नदस्ते ने दो परीक्षार्थियों से नकल सामग्री बरामद की। ये दोनों मॉडल पेपर के पन्ने फाड़कर लाए थे। कॉलेज प्रशासन ने जब उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की तो एक छात्रनेता सहित अन्य छात्र लामबंद होकर हंगामा करने लगे। इससे परीक्षा कक्ष में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कॉलेज प्रशासन ने दोनों परीक्षार्थियों की कापियां सील करके अग्रिम कार्रवाई के लिए रुहेलखंड विश्वविद्यालय भेज दीं हैं।
इन दिनों रुहेलखंड विश्वविद्यालय की एलएलबी की परीक्षाएं चल रही हैं। बृहस्पतिवार को बरेली कॉलेज में बने परीक्षा केंद्र पर उड़नदस्ते ने छापा मारा तो अलग-अलग कक्षों में परीक्षा दे रहे एलएलबी द्वितीय सेमेस्टर के दो छात्रों से मॉडल पेपर के पन्ने बरामद हुए। इनसे वे नकल करने की कोशिश कर रहे थे। कॉलेज प्रशासन ने उनकी उत्तर पुस्तिकाओं को सील करने की कार्रवाई शुरू की तो दोनों छात्र विरोध करने लगे। उनके साथ ही एक छात्रनेता भी अपने साथियों के साथ लामबंद होकर हंगामा करने लगा। चीफ प्राक्टर डॉ. वंदना शर्मा ने स्थिति को नियंत्रित कर माहौल शांत किया। दोनों छात्रों की कापियों को सील करके विश्वविद्यालय भेज दिया गया।
एलएलबी द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान दो परीक्षार्थियों के पास नकल सामग्री मिली थी। उनकी उत्तर पुस्तिकाओं को सील करके विश्वविद्यालय भेज दिया है। इस मामले में कुछ छात्रों ने हंगामा करने की कोशिश की थी। - डॉ. वंदना शर्मा, चीफ प्राक्टर, बरेली कॉलेज