बरेली। कई दशक से निष्प्रयोज्य पड़ी पूर्वोत्तर रेलवे की भूमि रेलवे का खजाना भरने के साथ शहर की तस्वीर बदलने का काम करेगी। श्यामगंज से शाहदाना रेलवे ग्राउंड के बीच 36 एकड़ में से साइट-बी की 19 एकड़ निष्प्रयोज्य भूमि पर निजी कंपनियों के सहयोग से बहुमंजिला इमारतें, आवासीय कॉलोनी और शापिंग कांप्लेक्स विकसित किए जाएंगे। कुछ स्थानों पर काम भी शुरू हो गए हैं।
शहर में पूर्वोत्तर रेलवे के श्यामगंज लकड़ी डिपो से इज्जतनगर तक मीटरगेज रेल लाइन को 1990 में निष्प्रयोज्य घोषित करते हुए बंद कर दिया गया था। इसके बाद भूमि पर कब्जे होने लगे। कई स्थानों पर निष्प्रयोज्य पटरी के ऊपर स्थायी व स्थायी निर्माण तक हो गए।
2022-23 में निष्प्रयोज्य जमीनों के उपयोग के लिए रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) ने कार्ययोजना पर काम शुरू किया। निष्प्रयोज्य भूमि पर विकास योजनाओं के संबंध में बरेली विकास प्राधिकरण से भी पत्राचार किया गया, लेकिन बात नहीं बनीं। इसके बाद पब्लिक प्राइवेट पार्टनशिप (पीपीपी) के आधार पर काम शुरू हुआ।
विकास योजनाओं के लिए आरएलडीए ने साइट-बी की भूमि चार फर्मों को 99 साल की लीज पर दी है। इनमें श्यामगंज से शाहदाना के बीच एक स्थान पर 15,394.23 और दूसरे स्थान पर 46,396.22 वर्ग मीटर भूमि पर फर्मों ने काम शुरू करा दिया है। आरएलडीए अब साइट-ए की 17 एकड़ भूमि के लिए कार्ययोजना तैयार कर रहा है।
-
यहां प्रस्तावित है कॉलोनियों का पुनर्विकास
रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण के 16 अक्तूबर 2026 की स्टेटस रिपोर्ट के अनुसार पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के तहत चौपुला कॉलोनी का 1,05,000 वर्ग मीटर में पुनर्विकास का काम चल रहा है। इसके अलावा 1,17,971 वर्ग मीटर में ऑफिस व मेडिकल कॉलोनी व 85,500 वर्ग मीटर में साउथ कॉलोनी पीलीभीत रोड का पुनर्विकास होना है। आरएलडीए के स्तर से तीनों स्थानों पर पुनर्विकास की योजनाओं पर कार्रवाई चल रही है।
दो साइटों में बांटी गई 36 एकड़ भूमि
श्यामगंज और शाहदाना में रेलवे की 36 एकड़ भूमि को आरएलडीए ने साइट-ए और साइट-बी नाम दिया है। साइट-ए में 17 और साइट-बी में 19 एकड़ से ज्यादा भूमि है। इसमें साइट-बी की भूमि पर काम शुरू हो गए हैं, जबकि ए की भूमि के उपयोग के लिए विस्तृत योजना पर काम चल रहा है।
वर्जन :
शाहदाना से श्यामगंज के बीच विकास योजनाओं के लिए भूमि लीज पर दी गई है। कुछ स्थानों पर काम शुरू हो गए हैं। निष्प्रयोज्य मीटर गेज लाइनों की भूमि पर विकास योजनाओं से रेलवे को लाभ होगा। शहर के विकास को भी गति मिलेगी।- सफदर हुसैन, जनसंपर्क अधिकारी इज्जतनगर मंडल