मॉल और व्यावसायिक कांप्लेक्स के साथ ही रेल कर्मचारियों के लिए आवास भी होंगे
बरेली। रेलवे कॉलोनियों को अब बहुमंजिला भवन में बदला जाएगा। इसमें सबसे पहले चौपुला रेलवे कॉलोनी और इज्जतनगर में एमबी कॉलेज के पास छपरा रेलवे कॉलोनी को बदला जाएगा। जल्द ही कॉलोनियों के लिए टेंडर निकाले जाएंगे।
टेंडर प्रक्रिया के तहत पहले पुराने भवन ढहाए जाएंगे। इसके बाद बहुमंजिली इमारतें बनाकर रेल कर्मचारियों को आवास दिए जाएंगे। बची हुई जमीन पर व्यावसायिक गतिविधियों के लिए कांप्लेक्स व बहुमंजिली इमारतें बनाई जाएंगी। विकसित कॉलोनी की जमीन 99 साल के पट्टे पर दी जाएगी। शर्त के मुताबिक टेंडर हासिल करने वाली फर्म को पहले रेलवे कर्मचारियों के लिए आवास बनाने होंगे। इसके बाद पुरानी कॉलोनियों को ध्वस्त करके वहां मॉल, व्यावसायिक कांप्लेक्स, बहुमंजिली इमारतें बनानी हैं। रेलवे बोर्ड ने देश के सभी क्षेत्रीय रेलवे ऑफिसों से पुरानी कॉलोनियों को विकसित कराने के लिए प्रस्ताव मांगा था। पूर्वोत्तर रेलवे ने तीन शहरों से चार कॉलोनियों का प्रस्ताव भेजा था। इज्जतनगर रेल मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल इस संबंध में उन्हें जानकारी नहीं है। सोमवार को पता लग सकेगा।